Punjab Kesari MP ads

भाजपा नेत्री के पति का हाफ पेंट में निकाला जुलूस, पुलिस ने पकड़ा कॉलर; पत्नी ने विधायक पर लगाए गंभीर आरोप

Sunday, Oct 04, 2026-05:22 PM (IST)

पन्ना। मध्य प्रदेश के पन्ना जिले में भाजपा नेत्री के पति की गिरफ्तारी के बाद मामला राजनीतिक और कानूनी विवाद का रूप लेता नजर आ रहा है। देवेंद्रनगर में दो लोगों पर जानलेवा हमले के मामले में करीब एक महीने से फरार चल रहे अमित जैन को पन्ना पुलिस ने रायसेन जिले के बाड़ी नगर स्थित टोल नाके से गिरफ्तार किया है। अमित जैन भाजपा नेत्री अमिता बागरी के पति हैं। बताया जा रहा है कि उनके खिलाफ पहले से 15 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। गिरफ्तारी के बाद पुलिस अमित जैन को मेडिकल परीक्षण के लिए लेकर पहुंची। इस दौरान पुलिस ने उनका हाफ पेंट में पैदल जुलूस निकाला। बाजार में पुलिसकर्मी आरोपी का कॉलर पकड़े हुए नजर आए। पुलिस की इस कार्रवाई का उद्देश्य अपराधियों में कानून का भय पैदा करना बताया जा रहा है। घटना के बाद से ही यह मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।

पति की गिरफ्तारी पर पत्नी ने खोला मोर्चा

अमित जैन की गिरफ्तारी के बाद उनकी पत्नी और भाजपा नेत्री अमिता बागरी ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर पुलिस प्रशासन और पार्टी के स्थानीय विधायक के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। उन्होंने पन्ना पुलिस, प्रशासन और गुन्नौर से भाजपा विधायक राजेश वर्मा पर राजनीतिक प्रभाव का इस्तेमाल कर उनके परिवार को निशाना बनाने के आरोप लगाए हैं।

अमिता बागरी का दावा है कि उनके पति को रायसेन जिले में बाड़ी थाने के नजदीक टोल नाके से देवेंद्रनगर पुलिस ने जबरन हिरासत में लिया। उन्होंने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि गिरफ्तारी के दौरान न्यायालय के आदेशों और निर्धारित कानूनी प्रक्रियाओं का पालन नहीं किया गया।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि घटना के करीब एक महीने बाद मामले में भारतीय दंड संहिता की धारा 307 यानी हत्या के प्रयास जैसी गंभीर धारा जोड़कर कार्रवाई को अनावश्यक रूप से गंभीर बनाया गया। उनके मुताबिक, यह पूरा मामला पारिवारिक और संपत्ति विवाद से जुड़ा था, जिसे राजनीतिक दबाव में बड़ा आपराधिक मामला बनाया जा रहा है।

अपनी ही पार्टी के विधायक पर लगाए आरोप

अमिता बागरी ने भाजपा विधायक राजेश वर्मा को लेकर भी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने आरोप लगाया कि विधायक बनने के बाद राजेश वर्मा अपने राजनीतिक विरोधियों को निशाना बना रहे हैं। उनके अनुसार, विधायक देवेंद्रनगर में लगातार मौजूद रहकर पुलिस पर अमित जैन के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का दबाव बना रहे थे।

अमिता ने पन्ना के पुलिस अधीक्षक और देवेंद्रनगर थाना प्रभारी पर भी विधायक के इशारे पर काम करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि वह लंबे समय से भाजपा संगठन से जुड़ी हैं और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष के साथ भी काम कर चुकी हैं। वर्तमान प्रदेश अध्यक्ष से भी उनका परिचय है, लेकिन मुश्किल समय में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से संपर्क करने के बावजूद उन्हें अपेक्षित सहयोग नहीं मिल रहा है।

ब्रेन ट्यूमर की बीमारी का भी किया जिक्र

वीडियो में अमिता बागरी ने अपनी स्वास्थ्य संबंधी परेशानी का भी खुलासा किया। उन्होंने बताया कि वह पिछले एक साल से ब्रेन ट्यूमर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रही हैं। इसके बावजूद उनका परिवार मानसिक और कानूनी परेशानियों का सामना कर रहा है।

उन्होंने खुद को भाजपा का 15 वर्षों से समर्पित कार्यकर्ता बताते हुए मुख्यमंत्री, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और स्थानीय सांसद से पूरे मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की। अमिता ने चेतावनी दी कि यदि उन्हें न्याय नहीं मिला तो वह देवेंद्रनगर थाने के सामने पहुंचकर विरोध प्रदर्शन करेंगी।

पुलिस ने आरोपों को बताया निराधार

दूसरी ओर, देवेंद्रनगर थाना प्रभारी संतोष सिंह यादव ने अमिता बागरी की ओर से लगाए गए आरोपों को बेबुनियाद बताया है। उनका कहना है कि अमित जैन के खिलाफ की गई कार्रवाई उच्च न्यायालय के निर्देशों और निर्धारित कानूनी प्रक्रिया के अनुसार की गई है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

फिलहाल इस पूरे घटनाक्रम में एक तरफ जानलेवा हमले के आरोपी की गिरफ्तारी और पुलिस की सख्त कार्रवाई चर्चा में है, तो दूसरी तरफ भाजपा नेत्री द्वारा अपनी ही पार्टी के विधायक और पुलिस प्रशासन पर लगाए गए आरोपों ने राजनीतिक हलकों में हलचल बढ़ा दी है। अब इस मामले में पुलिस की कार्रवाई और अमिता बागरी के आरोपों को लेकर आगे क्या स्थिति बनती है, इस पर सबकी नजर रहेगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Himansh sharma

Related News