क्या कैलाश विजयवर्गीय पर लटकी है गिरफ्तारी की तलवार? मंत्री ने खुद किया खुलासा!
Sunday, Apr 12, 2026-01:39 PM (IST)
रतलाम : मध्यप्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री Kailash Vijayvargiya ने एक चौंकाने वाला खुलासा करते हुए कहा है कि अगर वे पश्चिम बंगाल जाते हैं तो उनकी गिरफ्तारी हो सकती है। उन्होंने बताया कि बंगाल में उनके खिलाफ कई मामले दर्ज हैं और कुछ मामलों में वारंट भी जारी किए जा चुके हैं।
रतलाम दौरे पर मीडिया से बातचीत में विजयवर्गीय ने कहा कि उनके खिलाफ “फर्जी केस” लगाए गए हैं और इसी वजह से पार्टी ने उन्हें पश्चिम बंगाल जाने से मना कर दिया है। उनका कहना है कि यदि वे वहां जाते हैं तो पुलिस कार्रवाई कर सकती है, जिससे राजनीतिक विवाद और बढ़ सकता है।
उन्होंने यह भी दावा किया कि उनके खिलाफ करीब 38 मामले दर्ज हैं और बंगाल की स्थिति को देखते हुए पार्टी ने यह फैसला लिया है कि वे फिलहाल वहां चुनाव प्रचार के लिए नहीं जाएंगे। विजयवर्गीय ने कहा, “पार्टी को लगता है कि मेरे वहां जाने से नया विवाद खड़ा हो सकता है, इसलिए फिलहाल दूरी बनाकर रखना ही बेहतर है।
पश्चिम बंगाल की राजनीति पर बोलते हुए उन्होंने मुख्यमंत्री Mamata Banerjee पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि वहां की स्थिति बेहद चुनौतीपूर्ण है और उन्होंने अपने पुराने अनुभवों का जिक्र करते हुए इसे कठिन दौर बताया।
वहीं, बीजेपी की संभावनाओं को लेकर विजयवर्गीय ने भरोसा जताया कि इस बार पश्चिम बंगाल में पार्टी मजबूत स्थिति में नजर आ रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री Narendra Modi की सभाओं में भारी भीड़ उमड़ रही है, लोग दूर-दूर से पैदल पहुंच रहे हैं, जिससे माहौल साफ तौर पर बीजेपी के पक्ष में दिखाई दे रहा है।

