कांग्रेस में सम्मान नहीं तो क्यों रहना? BJP विधायक ने कांग्रेस के दिग्गज नेता को दी पार्टी छोड़ने की नसीहत
Monday, May 25, 2026-03:20 PM (IST)
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजनीति में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष की कुर्सी को लेकर चल रही हलचल के बीच भाजपा विधायक अजय चंद्राकर के बयान ने नया राजनीतिक विवाद खड़ा कर दिया है। चंद्राकर ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव को लेकर तीखी टिप्पणी करते हुए उन्हें कांग्रेस छोड़ने तक की सलाह दे डाली।
मीडिया से बातचीत में अजय चंद्राकर ने कहा कि सत्ता जाने के बाद कांग्रेस के भीतर एक सोच विकसित हुई कि “बाबा साहब” यानी टी.एस. सिंहदेव को लगातार राजनीतिक तौर पर कमजोर और अपमानित किया जाए। उन्होंने दावा किया कि सिंहदेव एक गौरवशाली राजनीतिक और सामाजिक विरासत से आते हैं और उन्हें अब तय करना चाहिए कि वे कांग्रेस में रहकर अपमान सहेंगे या अपनी राजनीतिक दिशा बदलेंगे।
चंद्राकर ने कहा कि हर व्यक्ति के आत्मसम्मान की एक सीमा होती है और अब फैसला टी.एस. सिंहदेव को करना है। उनके इस बयान के बाद प्रदेश की राजनीति में कांग्रेस और भाजपा के बीच बयानबाजी तेज होने के संकेत मिल रहे हैं।
वहीं, झीरम घाटी नक्सली हमले के 13 साल पूरे होने पर भी अजय चंद्राकर ने कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जिस दिन पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल कथित तौर पर अपने पास मौजूद सबूत सार्वजनिक करेंगे और कवासी लखमा से जुड़े तथ्यों को सामने लाएंगे, उस दिन कई राजनीतिक परतें खुल सकती हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस ने इस पूरे मुद्दे को राजनीतिक सहानुभूति का माध्यम बनाकर रखा है।
भाजपा विधायक ने दावा किया कि उनकी पार्टी ने इस मामले में हर स्तर पर कार्रवाई की है, जबकि कांग्रेस इसे लगातार राजनीतिक मुद्दे के रूप में इस्तेमाल करती रही है। अब देखना होगा कि अजय चंद्राकर के इस बयान पर कांग्रेस और टी.एस. सिंहदेव की ओर से क्या प्रतिक्रिया सामने आती है।

