Punjab Kesari MP ads

बुरी तरह भड़के भाजपा MLA: शासकीय कार्यक्रमों से किया बहिष्कार का ऐलान, जानें वजह

Thursday, Apr 16, 2026-12:15 PM (IST)

राजगढ़। जिला अस्पताल के हाईटेक ऑपरेशन थिएटर के लोकार्पण कार्यक्रम को लेकर शुरू हुआ विवाद अब राजनीतिक टकराव में बदलता नजर आ रहा है। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों को कथित तौर पर नजरअंदाज किए जाने के बाद भाजपा विधायक अमर सिंह यादव ने कड़ा रुख अपनाते हुए शासकीय कार्यक्रमों से दूरी बनाने का ऐलान कर दिया है।

सूत्रों के अनुसार, जिला अस्पताल में हाल ही में हाईटेक ओटी का उद्घाटन राज्यमंत्री गौतम टेटवाल द्वारा किया गया था। आरोप है कि इस कार्यक्रम में स्थानीय विधायक, नगरपालिका अध्यक्ष और अन्य जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित नहीं किया गया, जिससे नाराजगी गहराती चली गई।

विधायक अमर सिंह यादव ने इसे जनप्रतिनिधियों की गंभीर अनदेखी बताते हुए प्रशासन पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को लिखित शिकायत भेजने और प्रदेश नेतृत्व को पूरे मामले से अवगत कराने की बात कही है। विधायक ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा है कि जब तक जिले से “भ्रष्ट अधिकारियों” को हटाया नहीं जाता, वे किसी भी शासकीय कार्यक्रम में शामिल नहीं होंगे। साथ ही उन्होंने अस्पताल प्रशासन पर भ्रष्टाचार, खरीद में गड़बड़ी और फर्जी बिलों जैसे गंभीर आरोप भी लगाए हैं।

उन्होंने CMHO शोभा पटेल और सिविल सर्जन पर अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। इधर, इस घटनाक्रम के बाद राजगढ़ की राजनीति गरमा गई है। प्रशासन और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के बीच तनाव की स्थिति बनती दिख रही है, जबकि भाजपा संगठन के भीतर भी इस मुद्दे पर चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। जिला अस्पताल के ओटी उद्घाटन से शुरू हुआ यह विवाद अब राजनीतिक और प्रशासनिक टकराव का रूप ले चुका है, जिसके आने वाले दिनों में और तूल पकड़ने की संभावना जताई जा रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Himansh sharma

Related News