भाजयुमो अध्यक्ष पद के लिए मची खींचतान, भोपाल तक पहुंच रहे गुप्त दस्तावेज
Friday, May 15, 2026-04:36 PM (IST)
इंदौर। मध्यप्रदेश भाजपा युवा मोर्चा में इन दिनों अध्यक्ष पद को लेकर जबरदस्त खींचतान देखने को मिल रही है। संगठन की नई गाइडलाइन ने कई दावेदारों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। पार्टी ने साफ निर्देश दिए हैं कि भाजयुमो जिला अध्यक्ष पद के लिए केवल 35 साल से कम उम्र के नेताओं के नाम ही पैनल में भेजे जाएं। जैसे ही यह खबर सामने आई, युवा मोर्चा की राजनीति में अंदरखाने नई जंग शुरू हो गई।
दावेदार अब संगठन में अपनी पकड़ मजबूत करने के साथ-साथ विरोधियों की जन्मतिथि खंगालने में भी जुट गए हैं। कोई मतदाता सूची से उम्र निकाल रहा है तो कोई स्कूल की मार्कशीट, आधार कार्ड और पासपोर्ट तक खंगालने में लगा है। कई पुराने साथी अब राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी बन चुके हैं और एक-दूसरे के खिलाफ दस्तावेज जुटाकर भोपाल तक पहुंचाने की तैयारी कर रहे हैं।
प्रदेश भाजपा की हालिया बैठक में क्षेत्रीय संगठन मंत्री अजय जामवाल ने मोर्चा और प्रकोष्ठों के गठन में तेजी लाने के निर्देश दिए थे। इसके बाद जिला स्तर पर अध्यक्ष पद के लिए नामों की तलाश तेज हो गई। इंदौर में युवा मोर्चा अध्यक्ष की कुर्सी सबसे ज्यादा चर्चा में है, जहां कई नेता अपनी दावेदारी मजबूत करने में जुटे हैं।
सूत्रों के मुताबिक, विधायक रमेश मेंदोला की इस नियुक्ति में खास दिलचस्पी मानी जा रही है। उनके करीबी माने जाने वाले अक्षत चौधरी लगातार सक्रिय हैं और संगठन में मजबूत नेटवर्क के सहारे दावेदारी पेश कर रहे हैं। वहीं रोहित चौधरी और निक्की राय भी लंबे समय से संगठन और विधानसभा क्षेत्र में सक्रिय रहकर मजबूत दावेदार माने जा रहे हैं। अब देखना दिलचस्प होगा कि भाजपा युवा मोर्चा में उम्र का यह नया फॉर्मूला किस युवा चेहरे की किस्मत चमकाता है और किसकी राजनीति पर ब्रेक लगा देता है।

