दतिया चुनाव में BJP की रणनीति ने चौंकाया, युवा नेता को दी बड़ी जिम्मेदारी तो मंत्री को किया बाहर
Monday, Jul 13, 2026-11:37 PM (IST)
(इंदौर): मध्य प्रदेश के दतिया में उपचुनाव का घमासान अब कड़ा होता जा रहा है। कांग्रेस और बीजेपी ने इसे वर्चस्व की जंग मान लिया है और नित दिन कोई न कोई नई राजनीतिक गतिविधि देखने को मिल रही है। नामांकन भरने के साथ ही अब दोनों दलों के प्रत्याशी प्रचार की रणनीति में जुट गए हैं। 30 जुलाई को मतदान होना है और 3 अगस्त को परिणाम आएगा, जाहिर है अब हर दिन अहम होगा।
इसी बीच भाजपा ने स्टार प्रचारकों की सूची भी जारी कर दी है। इसी कड़ी में इंदौर क्षेत्र के दो नेताओं को भी स्टार प्रचारक का जिम्मा सौंपा गया है। इंदौर के युवा नेता गौरव रणदिवे को पहली बार स्टार प्रचार बनाया गया है। जबकि तुलसी सिलावट का इसमें नाम शामिल नहीं है। स्टार प्रचारकों की सूची में मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के साथ ही प्रदेश महामंत्री गौरव रणदिवे को जगह मिली हैं।
गौरव रणदिवे को स्टार प्रचारक की सूची में शामिल करना एक बड़ी बात है। रणदिवे बचपन से ही आरएसएस से जुड़े रहे हैं। 2001 में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद नेता के रूप में गौरव ने राजनीतिक करियर शुरू किया। 2005 में भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ता बने। बाद में प्रदेश महामंत्री से लेकर इंदौर नगर अध्यक्ष रहे हैं। लिहाजा अब उनको बड़ी जिम्मेवारी दतिया उपचुनाव के लिए स्टार प्रचारक के तौर पर मिली है।

