रसोई गैस के लिए हाहाकार! खाली सिलेंडर लेकर कलेक्टर बंगले पहुंची भीड़, SDM राकेश शुक्ला भड़के, बोले- क्या यहां गैस मिलेगी?”

Friday, Mar 13, 2026-12:27 PM (IST)

सीधी (सूरज शुक्ला) : सीधी शहर में रसोई गैस की बढ़ती कीमत और कथित किल्लत को लेकर लोगों का गुस्सा अब सड़कों पर दिखाई देने लगा है। करीब ₹903 में मिलने वाले घरेलू गैस सिलेंडर की आपूर्ति बाधित होने से परेशान उपभोक्ताओं ने शुक्रवार को खाली सिलेंडर लेकर कलेक्टर बंगले का घेराव कर दिया। बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने सांकेतिक प्रदर्शन करते हुए प्रशासन से तुरंत गैस और अन्य ईंधन की आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की।

PunjabKesari

प्रदर्शन में शामिल ग्रामीण अंजनी गुप्ता ने बताया कि पिछले कई दिनों से गैस के लिए एजेंसियों के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन सिलेंडर नहीं मिल रहा है। उन्होंने कहा कि, “तीन से चार दिन से लगातार गैस एजेंसी का चक्कर लगा रहा हूं, लेकिन गैस नहीं मिल रही। सिर्फ आश्वासन दिया जाता है। मजबूर होकर हम लोग कलेक्टर बंगले आए हैं। हमारे साथ करीब 70 से 80 लोग खाली सिलेंडर लेकर पहुंचे हैं।”

दरअसल, पिछले लगभग एक सप्ताह से सीधी शहर में पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है। कई पेट्रोल पंपों पर भी ईंधन को लेकर लोगों को परेशान होना पड़ा। इसी बीच गुरुवार को कलेक्टर और अपर कलेक्टर बीपी पांडे द्वारा एक एडवाइजरी जारी कर कहा गया था कि जिले में किसी भी प्रकार के पेट्रोलियम पदार्थ की कमी नहीं है और लोग सामान्य रूप से आकर ईंधन प्राप्त कर सकते हैं।

PunjabKesari

हालांकि प्रशासन के इस दावे के उलट शुक्रवार को बड़ी संख्या में लोग खाली गैस सिलेंडर लेकर कलेक्टर बंगले पहुंच गए और विरोध जताने लगे। प्रदर्शन के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों और पत्रकारों के साथ बहस की स्थिति भी बन गई।

इस पूरे मामले में गोपद बनास के एसडीएम राकेश शुक्ला का बयान भी सामने आया है। उन्होंने कहा,“सीधी जिले में किसी भी प्रकार के ईंधन की कमी नहीं है। पता नहीं लोग यहां क्यों आए हैं। उन्हें गैस एजेंसी में जाना था, वहां उनका निराकरण होगा, यहां नहीं होगा। आप सब लोग यहां क्यों आए हैं, गैस एजेंसी में चलिए। यहां कुछ नहीं मिलेगा। आप लोग यहां पता नहीं क्यों आए हैं, क्या यहां गैस मिलेगी?”


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

meena

Related News