राज्य में राज्यसभा चुनाव का बड़ा मुकाबला! आज विधानसभा में नामांकन दाखिल करेंगे भाजपा-कांग्रेस प्रत्याशी

Thursday, Mar 05, 2026-11:32 AM (IST)

रायपुर। छत्तीसगढ़ में राज्यसभा की दो सीटों को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। गुरुवार को नामांकन प्रक्रिया के तहत भारतीय जनता पार्टी की प्रत्याशी लक्ष्मी वर्मा और कांग्रेस की प्रत्याशी फूलोदेवी नेताम अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगी। दोनों नेता विधानसभा पहुंचकर रिटर्निंग ऑफिसर के समक्ष नामांकन फॉर्म जमा करेंगी।

भाजपा प्रत्याशी लक्ष्मी वर्मा के नामांकन के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, राज्य सरकार के मंत्री, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरणदेव सिंह और पार्टी संगठन के कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहेंगे। वहीं कांग्रेस प्रत्याशी फूलोदेवी नेताम के नामांकन के समय नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, पार्टी के विधायक और कई वरिष्ठ नेता भी विधानसभा में उपस्थित रहेंगे।

गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ से वर्तमान में राज्यसभा में कुल 5 सांसद प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। इनमें से दो सांसदों का कार्यकाल 9 अप्रैल 2026 को समाप्त हो रहा है, जिनमें कांग्रेस की फूलोदेवी नेताम और केटीएस तुलसी शामिल हैं।

इसके अलावा कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राजीव शुक्ला और रंजीत रंजन का कार्यकाल 29 जून 2028 तक जारी रहेगा, जबकि भाजपा के देवेन्द्र प्रताप सिंह का कार्यकाल 2 अप्रैल 2030 तक निर्धारित है। राज्यसभा की इन सीटों को लेकर आज होने वाला नामांकन राजनीतिक दृष्टि से अहम माना जा रहा है और दोनों दल अपने-अपने प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित करने के लिए पूरी ताकत लगा रहे हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Himansh sharma

Related News