महिला एवं बाल विकास मंत्री इमरती देवी ने महिलाओं को सशक्त बनने के लिए किया प्रेरित

Monday, Dec 09, 2019-06:57 PM (IST)

शिवपुरी: मध्य प्रदेश की महिला एवं बाल विकास मंत्री इमरती देवी ने महिलाओं को समय के साथ और सशक्त बनने के लिए प्रेरित किया है। उन्होंने सलाह दी है कि वो अपने घर के पुरुषों से दबे नहीं। घूंघट छोड़कर अपनी जिम्मेदारी निभाएं और काम पर निकलें।

मध्य प्रदेश की महिला एवं बाल विकास मंत्री इमरती देवी शिवपुरी में बिटिया सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने के लिए पहुंची थीं। इस समारोह में वो बिटिया की रक्षा करने का संकल्प दिलाने आई थीं। उन्होंने वहां मौजूद लोगों को संकल्प दिलाया कि वो बेटियों की रक्षा करेंगे। उन्हें पढा़एंगे लिखाएंगे। बेटी के जन्म पर भी वैसे ही जश्न मनाएंगे जैसा बेटा होने पर मनाते हैं।

वहीं इसी समारोह में इमरती देवी ने महिलाओं को सुझाव दे डाला कि वो अपनी संकोच और पर्दा छोड़ें। घूंघट छोड़कर काम पर निकलें। इमरती देवी ने महिला जन प्रतिनिधियों को सुझाव दिया कि जब आप चुनकर आयी हैं तो अपने घर के पुरुष सदस्यों से कहिए कि अब आप घर में बैठो। हमें अपना काम संभालनें दें। अगर उनके कहने पर आप घर में घूंघट में बैठी रहोगी तो कुछ नहीं कर पाओगी।

महिला एवं बाल विकास मंत्री इमरती देवी लोगों को पढ़कर बिटिया की रक्षा का संकल्प दिलवा रही थीं। संकल्प पढ़ते समय वो जरा सी अटक गयीं। तभी मंच पर मौजूद शहर कांग्रेस अध्यक्ष सिद्धार्थ लड़ा ने तत्काल उनकी मदद की। इमरती देवी को कोई शब्द साफ नजर नहीं आ रहा था। सिद्धार्थ लड़ा ने तत्काल वो शब्द पढ़ा और मंत्रीजी संकल्प दिलवाते हुए आगे बढ़ गयीं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Edited By

Jagdev Singh

Related News