इन दो IAS अफसरों पर CM का बड़ा भरोसा! एक को मंत्रालय, दूसरे को राजधानी की कमान
Friday, Apr 10, 2026-09:54 AM (IST)
भोपाल: मध्य प्रदेश में हुए बड़े प्रशासनिक फेरबदल के बाद राजधानी भोपाल में भी महत्वपूर्ण बदलाव देखने को मिला है। इस बदलाव में दो वरिष्ठ आईएएस अफसरों को मुख्यमंत्री की विशेष पसंद और भरोसेमंद अधिकारियों के रूप में अहम जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
राजधानी भोपाल के निवर्तमान कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह को अब मुख्यमंत्री सचिवालय में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है। इसके साथ ही उन्हें टाउन एंड कंट्री प्लानिंग आयुक्त का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। माना जा रहा है कि शहरी विकास और योजनाबद्ध ढांचे में उनके अनुभव का लाभ अब पूरे प्रदेश को मिलेगा।
वहीं दूसरी ओर, धार जिले में कलेक्टर के रूप में कार्यरत रहे प्रियंक मिश्रा को भोपाल का नया कलेक्टर नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति को प्रशासनिक कुशलता और बेहतर कार्यशैली के बड़े इनाम के रूप में देखा जा रहा है।
धार में कार्यकाल के दौरान प्रियंक मिश्रा ने भोजशाला जैसे संवेदनशील मामलों को शांतिपूर्ण तरीके से संभालते हुए कानून-व्यवस्था बनाए रखने में अहम भूमिका निभाई। उनकी प्रशासनिक सूझबूझ और संतुलित फैसलों को लेकर उन्हें एक सख्त और प्रभावी अधिकारी के रूप में पहचाना जाता है।
नए कलेक्टर के सामने बड़ी चुनौतियां
भोपाल के नए कलेक्टर के रूप में प्रियंक मिश्रा के सामने कई अहम जिम्मेदारियां और चुनौतियां होंगी—
बड़ा तालाब के बफर और कैचमेंट क्षेत्र में अवैध निर्माणों पर कार्रवाई,अवैध कॉलोनियों पर सख्त नियंत्रण,नए कलेक्ट्रेट भवन का निर्माण कार्य,नजूल भूमि क्षेत्रों को तहसील में बदलकर प्रशासनिक सुविधा बढ़ाना,जनगणना कार्य को समय पर पूरा कराना,मेट्रो सहित लगभग 10 बड़े प्रोजेक्ट्स के लिए भूमि उपलब्ध कराना..
इस प्रशासनिक फेरबदल को प्रदेश सरकार के बड़े रणनीतिक फैसले के रूप में देखा जा रहा है, जिसमें अनुभवी अधिकारियों को उनकी क्षमता के अनुसार नई जिम्मेदारियां दी गई हैं।

