भगोरिया मेला मनाने गए थे Shivraj! पहले आदिवासियों के साथ झूमे, फिर दे आए करोड़ों की सौगात

3/16/2022 4:01:00 PM

झाबुआ (जावेद खान): मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि थांदला के विकास में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी। एक करोड़ रुपए थांदला के विकास के लिए देंगे। झाबुआ जिले के गांवों में जल जीवन मिशन से पाइप लाइन बिछाकर हर गाव, हर घर में नल कनेक्शन लगवाकर पीने का साफ पानी देंगे। इससे बेटियों-बहनों को हैंडपंप से पानी नहीं भरना पड़ेगा। इसके लिए मिशन में 550 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है।

PunjabKesari

वनवासियों की वेशभूषा में नजर आये सीएम शिवराज 

मुख्यमंत्री मंगलवार को जनजातीय समाज के पारम्परिक लोक उत्सव भगोरिया में शामिल होने झाबुआ जिले के थांदला पहुंचे थे। उनके साथ उनकी पत्नी साधना सिंह भी थी। जनजातीय समुदाय की परम्परा का सम्मान करते हुए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने सपत्नीक उल्लास के पर्व भगोरिया में वनवासियों की पारंपरिक वेशभूषा में पूरी तरह रंगे नजर आये। सीएम कृषि उपज मंडी से सिविल हॉस्पिटल तक भगोरिया की ग़ैर में भी शामिल हुए। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण भगोरिया के उल्लास में माण्दल ढोल बजाते हुए थिरके। इस मौके पर मुख्यमंत्री का जगह-जगह स्वागत किया गया। जनजातीय समुदाय द्वारा क़ाफ़िले पर हर्षोल्लास के साथ पुष्प-वर्षा की गई। मुख्यमंत्री ने सिविल अस्पताल के नजदीक बनाए गए, स्वागत मंच से ग्रामीणों से संवाद भी किया। 

PunjabKesari

थांदला में सीएम राइज स्कूल खुलेगा: सीएम शिवराज

मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना के कारण पिछले दो साल ढंग से भगोरिया पर्व नहीं मना पाएं। इस साल खूब भगोरिया मनाओ, होली मनाओ, गेर निकालो। अब कोरोना पूरी तरह से कंट्रोल में है। उन्होंने कहा कि आज आपके बीच आपका मामा भगोरिया उत्सव मनाने आया है। मध्यप्रदेश सरकार आपकी जिंदगी में खुशियां लाने के लिए ही है। सीएम ने कहा कि थांदला आगे बढ़े, झाबुआ आगे बढ़े, यहाँ के नागरिकों की सारी कठिनाई और कष्ट दूर हो, इसके लिए कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। थांदला में सीएम राइज स्कूल खोला जायेगा। नर्मदा नदी का पानी अलीराजपुर जिले तक आ गया है। जल्द ही नर्मदा के पानी को झाबुआ जिले में भी लाया जायेगा। मुख्यमंत्री ने उपस्थित ग्रामीणजन को भगोरिया एवं होली पर्व की शुभकामनाएं भी दी। ढोल और मांदल की थाप पर मुख्यमंत्री और साधना सिंह ने भगोरिया में जनजातीय कलाकारों के साथ पारंपरिक नृत्य  भी किया।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Devendra Singh

Recommended News

Related News