सड़क हादसे में घायल BJP प्रदेश अध्यक्ष का हाल जानने गुरुग्राम पुहंचे CM, नम आंखों से बंधाया ढांढस
Thursday, Jul 30, 2026-11:26 PM (IST)
रायपुर (पुष्पेंद्र सिंह): मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज वीरवार को गुरुग्राम स्थित मेदांता अस्पताल में भर्ती जगदलपुर विधायक और प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष किरण सिंह देव से मुलाकात करके उनका कुशलक्षेम जाना है। मुख्यमंत्री साय ने चिकित्सकों से उनके स्वास्थ्य की जानकारी प्राप्त की तथा उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हुए कहा कि वे शीघ्र पूर्णतः स्वस्थ होकर पुनः जनसेवा में सक्रिय हों। सीएम साय ने भावुक होकर उनको ढांढस बंधाया और जल्दी ठीक होने की कामना की।
आपको बता दें कि सड़क दुर्घटना में घायल होने के बाद वीरवार सुबह किरण देव को बेहतर इलाज के लिए एयर एम्बुलेंस से दिल्ली भेजा गया। डाक्टरों के मुताबिक उनकी स्थिति पहले से स्थिर है लेकिन बेहतर चिकित्सा के लिए राष्ट्रीय राजधानी के उन्नत अस्पताल में रेफर किया गया है।
दरअसल ये हादसा उस वक्त हुआ जब किरण देव मध्य प्रदेश के छतरपुर से वापिस लौट रहे थे। हादसे में छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव को कमर और हाथ में चोट लगी है। इस हादसे के बाद उन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया और इलाज के लिए झांसी रेफर किया गया था।
जानकारी के मुताबिक यूपी के झांसी ललितपुर के बीच किरण देव की कार हादसे का शिकार हुई थी। ललितपुर कोतवाली तालबेहट इलाके में एनएच-44 पर खड़े ट्रक में पीछे से छत्तीसगढ़ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव की कार टकरा गई थी। लिहाजा अब सीएम विष्णुदेव ने उनके शीघ्र ठीक होने की कामना की है।

