कलेक्टर की सख्त कार्रवाई! अवैध खनिज माफियाओं पर कसा शिकंजा, 81 लाख का जुर्माना
Friday, Apr 17, 2026-08:09 PM (IST)
पांढुर्णा (पंकज मदान) : पांढुर्णा जिले में अवैध खनिज उत्खनन और भण्डारण के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए खनिज माफियाओं पर शिकंजा कस दिया है। कलेक्टर नीरज कुमार वशिष्ठ के निर्देशन में कलेक्टर न्यायालय पांढुर्णा द्वारा विभिन्न मामलों में आरोपियों पर कुल 81 लाख 37 हजार 320 रुपये की शास्ति अधिरोपित की गई है। प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई का उद्देश्य जिले में अवैध खनिज गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाना है।
जानकारी के अनुसार, मौजा हिवराखंडेरायवार, तहसील सौंसर के निवासी रोमदेव उर्फ विक्की कालबांडे एवं गंगाधर गोखे द्वारा बिना वैध अनुमति के अवैध रूप से रेत का भण्डारण किया गया था। इस मामले में कलेक्टर न्यायालय ने 9 लाख 75 हजार रुपये की शास्ति अधिरोपित करते हुए जप्त रेत के अधिहरण के आदेश जारी किए हैं। इसी तरह, मौजा गोंडीवाडोना, तहसील सौंसर में बिना अनुमति मुरुम मिट्टी का उत्खनन करने पर मुकेश पटेल रायसिंग एंड कंपनी एवं बब्बूसिंह बाक्सर पर 12 लाख रुपये की शास्ति लगाई गई है।
वहीं, एक अन्य बड़े मामले में मौजा भिलापार, तहसील सौंसर में मैंगनीज के अवैध उत्खनन पर मेसर्स विनायक मिनरल्स (सीईओ सत्यव्रत सतपति) पर 59 लाख 62 हजार 320 रुपये की भारी शास्ति अधिरोपित की गई है।
कलेक्टर वशिष्ठ की इस कार्रवाई से जिले में अवैध खनिज कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। प्रशासन ने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि भविष्य में भी इस तरह की अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

