Punjab Kesari MP ads

दतिया उपचुनाव में बड़ा अपडेट! कांग्रेस के संभावित उम्मीदवार ने खरीदा नामांकन फॉर्म, सियासी हलचल तेज

Friday, Jul 10, 2026-04:22 PM (IST)

दतिया। दतिया विधानसभा उपचुनाव में नामांकन प्रक्रिया के साथ ही राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। चुनावी मुकाबले को लेकर सभी दल अपनी रणनीति को अंतिम रूप देने में जुटे हैं। शुक्रवार को कांग्रेस के संभावित उम्मीदवार कुंवर धनश्याम सिंह ने नामांकन पत्र खरीदकर अपनी दावेदारी के संकेत दे दिए। इसके साथ ही अब तक कुल 23 उम्मीदवार नामांकन फॉर्म खरीद चुके हैं, जबकि केवल तीन प्रत्याशियों ने आधिकारिक रूप से अपने नामांकन पत्र जमा किए हैं।

अब तक दाखिल नामांकन पत्रों में आजाद समाज पार्टी (काशीराम) के उम्मीदवार दामोदर यादव, उनके भाई केशव यादव और छतरपुर निवासी बालकिशन विश्वकर्मा शामिल हैं। हालांकि चुनावी तस्वीर अभी पूरी तरह साफ नहीं हुई है, क्योंकि प्रदेश की दो प्रमुख पार्टियां भाजपा और कांग्रेस अब तक अपने अधिकृत उम्मीदवारों की घोषणा नहीं कर सकी हैं।

इधर, भाजपा और कांग्रेस की ओर से प्रत्याशियों के नामों को लेकर लगातार मंथन जारी है। राजनीतिक गलियारों में संभावित चेहरों को लेकर चर्चाएं तेज हैं और कार्यकर्ताओं की नजरें शीर्ष नेतृत्व के फैसले पर टिकी हुई हैं। माना जा रहा है कि दोनों दल जल्द ही अपने उम्मीदवारों के नाम घोषित कर चुनावी अभियान को पूरी रफ्तार देंगे।

दतिया उपचुनाव में बढ़ती दावेदारियों और प्रमुख दलों की रणनीतिक चुप्पी ने मुकाबले को और दिलचस्प बना दिया है। अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि भाजपा और कांग्रेस किस चेहरे पर भरोसा जताती हैं और अंतिम चुनावी मुकाबला किन उम्मीदवारों के बीच होता है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Himansh sharma

Related News