Punjab Kesari MP ads

दतिया उपचुनाव CM और नरोत्तम मिश्रा के बीच की लड़ाई दिग्गज नेता के बयान से गरमाई MP की सियासत

Friday, Jul 31, 2026-07:58 PM (IST)

दतिया। मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव के बीच राजनीतिक बयानबाजी अपने चरम पर पहुंच गई है। मतदान के बाद भी नेताओं के तीखे बयान सियासी तापमान बढ़ा रहे हैं। इसी कड़ी में कांग्रेस के पूर्व विधायक राजेंद्र भारती ने भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा को निशाने पर लेते हुए कई तीखे राजनीतिक आरोप लगाए हैं। उनके बयान के बाद प्रदेश की राजनीति में नई बहस छिड़ गई है।

राजेंद्र भारती ने दतिया उपचुनाव को महज कांग्रेस और भाजपा के बीच का मुकाबला मानने से इनकार करते हुए कहा कि यह चुनाव प्रदेश की सत्ता के भीतर प्रभाव और राजनीतिक वर्चस्व की भी परीक्षा है। उनका दावा था कि इस चुनाव के नतीजे भविष्य की राजनीतिक दिशा तय करने में अहम भूमिका निभाएंगे।

भाजपा को घेरते हुए भारती ने आरोप लगाया कि दतिया का चुनाव कांग्रेस और भाजपा के बीच की लड़ाई से अधिक भाजपा के अंदरूनी राजनीतिक संघर्ष का परिणाम बन चुका है। राजेंद्र भारती ने कहा कि यह मुकाबला नरोत्तम और मुख्यमंत्री के राजनीतिक प्रभाव से भी जुड़ा हुआ है.. उनका कहना था कि स्थानीय स्तर पर कई समीकरण ऐसे हैं, जिनका असर चुनावी परिणाम दोनों पर देखने को मिल सकता है।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि दतिया उपचुनाव पहले ही प्रदेश की सबसे चर्चित सीटों में शामिल हो चुका है। ऐसे में नेताओं के लगातार आ रहे तीखे बयान चुनावी माहौल को और अधिक गर्मा रहे हैं। अब सभी की निगाहें मतगणना और नतीजों पर टिकी हैं, जो इस हाई-प्रोफाइल मुकाबले की तस्वीर साफ करेंगे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Himansh sharma

Related News