कांग्रेस नेता के बेटे की बेरहमी से हत्या, रेत के कारोबार ने खड़े किए जान के दुश्मन
Sunday, May 24, 2026-12:20 PM (IST)
जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में हुए चर्चित हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कांग्रेस नेता और रेत व्यवसायी सम्मेलाल कश्यप के बेटे आयुष कश्यप (19) की हत्या मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि बढ़ते कारोबार, पैसों के विवाद और पुरानी रंजिश के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया।पुलिस के मुताबिक, आरोपी पहले से ही परिवार को निशाना बनाने की योजना बना चुके थे। खुलासा हुआ है कि आरोपियों का उद्देश्य केवल आयुष नहीं बल्कि उसके पिता को भी रास्ते से हटाना था। बताया गया कि साल 2023 में भी सम्मेलाल कश्यप की हत्या की साजिश रची गई थी।
23 अप्रैल की देर रात घर में घुसे हमलावर
करही गांव स्थित घर में तीन नकाबपोश बदमाश देर रात घुसे, परिवार को बंधक बनाया और अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इस दौरान आयुष को सिर और सीने में गोली लगी, जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई, जबकि छोटा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के दौरान माता-पिता को कमरे में बंद कर दिया गया था। आरोपी घर से नकदी और मोबाइल लेकर फरार हो गए।
गुजरात भागे, फिर ऐसे पकड़े गए आरोपी
वारदात के बाद आरोपी गुजरात भाग गए और पहचान छुपाकर काम करने लगे। पुलिस ने तकनीकी जांच, सीसीटीवी फुटेज और लगातार दबिश के बाद उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उन्होंने अपराध कबूल कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी:
हेमंत कुमार बघेल (23)
भूषण बघेल (23)
अमित टंडन (28)
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल पिस्टल, मैगजीन और बाइक बरामद की है। मामले का मुख्य साजिशकर्ता और अन्य सहयोगियों की तलाश अभी जारी है।
‘ऑपरेशन हंट’ के तहत 7 राज्यों में चली तलाश
जांच के दौरान पुलिस टीमों ने गुजरात, तमिलनाडु, मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश, ओडिशा, दिल्ली और जम्मू-कश्मीर तक दबिश दी। 200 से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए और साइबर टीम की मदद से आरोपियों तक पहुंच बनाई गई।

