Punjab Kesari MP ads

कांग्रेस को फिर झटके पर झटका, इन 2 नेताओं ने थाम लिया BJP का दामन, बदले राजनीतिक समीकरण

Tuesday, Jul 28, 2026-09:29 PM (IST)

(बालोद): छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में दल्लीराजहरा नगर पालिका की राजनीति में भारतीय जनता पार्टी (BJP) की स्थिति और मजबूत हो गयी है। कांग्रेस के दो पार्षदों के कांग्रेस पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल होने से नगर पालिका के राजनीतिक समीकरण बदलने के संकेत मिल रहे हैं। जानकारी के अनुसार वार्ड-5 की पार्षद पुसई साहू और वार्ड-13 की पार्षद अनिता सोनवानी ने भाजपा की रीति-नीति और विकासवादी सोच से प्रभावित होकर भगवा पार्टी में शामिल होने की बात कही है।

भाजपा मंडल अध्यक्ष रामेश्वर साहू के नेतृत्व में दोनों पार्षदों ने भाजपा की सदस्यता ली। इस दौरान भाजपा जिला प्रभारी संध्या परघनिया, दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर, भाजपा जिला अध्यक्ष चेमन देशमुख, निवर्तमान जिला अध्यक्ष पवन साहू,मंडल प्रभारी मनीष झा और महिला मोर्चा प्रदेश महामंत्री शीतल नायक ने दोनों पार्षदों का भाजपा का गमछा पहनाकर स्वागत किया।

भाजपा जिला महामंत्री सौरभ लुनिया ने कहा कि कांग्रेस के पार्षद लगातार भाजपा में शामिल हो रहे हैं। उन्होंने कांग्रेस पर परिवारवाद का आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी में अब कोई बड़ा नेतृत्व नहीं बचा है। भाजपा नेताओं ने कहा कि दोनों पार्षदों के भाजपा में शामिल होने से दल्लीराजहरा नगर में संगठन और मजबूत होगा। इससे जनता की सेवा और विकास कार्यों को नई गति मिलेगी।  मंडल अध्यक्ष रामेश्वर साहू ने कहा कि दोनों पार्षद संगठन की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने और नगर के विकास में सक्रिय भूमिका निभाएंगी। लिहाजा बालौद में ये कांग्रेस को काफी बड़ा झटका माना जा रहा है क्योंकि 2 पार्षदों का पार्टी छोड़कर बीजेपी में शामिल होना छोटी बात नही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Desh Raj

Related News