नगर पालिका के मुशायरे में विवाद: श्रोताओं ने शायर पर फेंके अंडे, बेकाबू भीड़ मंच पर चढ़ी, 3 पर FIR
Friday, Feb 13, 2026-08:21 PM (IST)
खरगोन : मध्यप्रदेश के खरगोन शहर में नगर पालिका परिषद द्वारा जमजम माकेर्ट में आयोजित ऑल इंडिया मुशायरे के दौरान कथित विवादित शायरी को लेकर हुए हंगामे के मामले में पुलिस ने तीन अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए हैं। कोतवाली थाना प्रभारी बीएल मंडलोई ने बताया कि पुलिस अधीक्षक रवींद्र वर्मा के निर्देश पर प्राप्त शिकायतों के आधार पर कारर्वाई की गई है। 7 फरवरी की शाम आयोजित कार्यक्रम में स्थानीय शायर अबूबकर जिया द्वारा पढ़ी गई कुछ पंक्तियों पर श्रोताओं के एक वर्ग ने आपत्ति जताई। विवाद बढ़ने पर कुछ लोग मंच पर चढ़ गए, जिससे कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। इस दौरान गाली-गलौज और मारपीट की घटनाएं भी हुईं।
अबूबकर जिया की शिकायत पर अल्ताफ आजाद, आसिफ प्रिंस खान, आरिफ के जीएन सहित सात नामजद और करीब 25 अन्य लोगों के खिलाफ जानलेवा हमला व अभद्रता की धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। इसी दौरान कार्यक्रम में बिहार से आए शायर अपूर्व गौरव विक्रम शाह पर अंडा फेंके जाने की घटना भी सामने आई। आयोजन समिति की शिकायत पर पुलिस ने दर्शक फरदीन के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। पूछताछ में उसने बताया कि उसका निशाना अबूबकर जिया थे, लेकिन अंडा पास बैठे अपूर्व गौरव विक्रम शाह को लग गया।
दूसरी ओर, मुस्लिम समाज के कुछ प्रतिनिधियों ने अबूबकर जिया पर भड़काऊ शायरी का आरोप लगाते हुए कारर्वाई की मांग की। इस शिकायत के आधार पर उनके खिलाफ भी अलग से मामला दर्ज किया गया है। हंगामे के बीच अंडा लगने से क्षणिक रूप से असहज हुए अपूर्व गौरव विक्रम शाह ने संयम बरतते हुए शायरी के माध्यम से प्रतिक्रिया दी और कहा कि कुछ लोगों के व्यवहार से पूरे शहर को नहीं आंका जाना चाहिए। घटना के विरोध में शुक्रवार को विभिन्न हिंदू संगठनों ने ज्ञापन सौंपकर नगर पालिका के फंड से इस तरह के आयोजनों पर रोक लगाने और आरोपियों पर सख्त कारर्वाई की मांग की है। आयोजन समिति ने भी घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए इसकी निंदा की है।

