गार्ड ऑफ ऑनर के साथ CRPF के हवलदार को दी गई अंतिम विदाई, तिरंगे में लिपटी देह देखकर हर आंख हुई नम
Saturday, Mar 22, 2025-06:43 PM (IST)

नीमच (मूलचंद खींची) : केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) में सेवारत हवलदार वीरेंद्र सिंह चौहान का शुक्रवार को लंबी बीमारी के चलते दुखद निधन हो गया था। आज शनिवार को उनके पैतृक गांव जीरन में गार्ड ऑफ ऑनर के साथ अंतिम विदाई दी गई। सीआरपीएफ के अधिकारी और जवानों ने पुष्प अर्पित कर शोक संवेदना व्यक्त की।
नीमच सीआरपीएफ आरटीसी में पदस्थ हवलदार वीरेंद्र सिंह चौहान लंबे समय से बीमार थे। वे केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के रंगरूट प्रशिक्षण केंद्र नीमच में पदस्थ होकर अपनी सेवाएं दे रहे थे।
सीआरपीएफ द्वारा ही अक्टूबर 2024 में टाटा मेमोरियल हॉस्पिटल मुंबई में उपचार जारी था, लेकिन शुक्रवार दोपहर 2 बजे निधन हो गया। उनका पार्थिव शरीर शनिवार को दोपहर को उनके घर लाया गया। तिरंगा में लपटी पार्थिव देह को देखकर हर किसी की आंखें नम हो गई। सीआरपीएफ के अधिकारी और जवानों ने पार्थिव देह को कंधा दिया। वीरेंद्र सिंह चौहान का अल्पायु में निधन से जीरन व आसपास के क्षेत्र में गमगीन माहौल है।