नगर पालिका में हड़कंप! सीएमओ पर गंभीर आरोप लगाकर बाबू ने की आत्महत्या, सुसाइड वीडियो आया सामने
Monday, Feb 23, 2026-06:07 PM (IST)
दतिया, (नवल यादव): मध्य प्रदेश के दतिया नगर पालिका परिषद की स्थापना शाखा में पदस्थ बाबू दिलीप गोंड ने उत्तर प्रदेश के झांसी स्थित अपने आवास पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद 3 मिनट 39 सेकंड का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें उन्होंने नगर पालिका के सीएमओ नागेंद्र गुर्जर सहित दो कर्मचारियों पर मानसिक प्रताड़ना और आत्महत्या के लिए उकसाने के गंभीर आरोप लगाए हैं। फिलहाल प्रेम नगर थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी है और वीडियो को साक्ष्य के रूप में सुरक्षित कर लिया गया है।
दतिया नगर पालिका परिषद की स्थापना शाखा में कार्यरत बाबू दिलीप गोंड ने रविवार को झांसी स्थित अपने घर में फांसी लगाकर जीवन समाप्त कर लिया। मामला उस समय और गंभीर हो गया, जब सोमवार को उनका बनाया गया 3 मिनट 39 सेकंड का वीडियो सामने आया।
वीडियो में दिलीप गोंड ने आरोप लगाया कि वर्ष 2006 की एक नोटशीट से जुड़े दस्तावेजों पर उनसे हस्ताक्षर करने का दबाव बनाया जा रहा था। उनका कहना था कि उस समय नगर पालिका में सीएमओ मकबूल खान पदस्थ थे और फर्जी दस्तावेज तैयार किए गए थे। वर्ष 2017 में यह मामला लोकायुक्त तक पहुंचा, जिसकी जांच अब भी लंबित बताई जा रही है।
दिलीप गोंड के अनुसार, जांच के दौरान दस्तावेजों की पुष्टि के लिए उन पर हस्ताक्षर करने का दबाव डाला गया। इनकार करने पर पहले 50 हजार रुपये का प्रलोभन दिया गया और बाद में स्थापना शाखा से हटाकर उन्हें टचिंग ग्राउंड का प्रभार सौंप दिया गया।
वीडियो में उन्होंने वर्तमान सीएमओ नागेंद्र गुर्जर पर अपशब्द कहने और मानसिक प्रताड़ना करने के आरोप लगाए। उन्होंने अपनी मौत के लिए सीएमओ नागेंद्र गुर्जर और दो अन्य कर्मचारियों को जिम्मेदार ठहराया।
जानकारी के अनुसार, दिलीप गोंड पिछले 5–6 वर्षों से स्थापना शाखा में पदस्थ थे। उनका परिवार झांसी में रहता था, जबकि वह दतिया में किराए के मकान में रहकर नौकरी कर रहे थे। सहकर्मियों के मुताबिक, शुक्रवार को वह कार्यालय में सामान्य रूप से कार्य कर रहे थे और किसी प्रकार का तनाव प्रतीत नहीं हो रहा था। अवकाश के चलते वह झांसी गए थे, जहां रविवार को यह घटना घटित हुई।
सीएमओ नागेंद्र गुर्जर ने सभी आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि दिलीप गोंड एक मेहनती कर्मचारी थे और घटना के समय वह अवकाश पर झांसी गए थे।
फिलहाल झांसी के प्रेम नगर थाना पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। वीडियो और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

