मतदान के बीच कांग्रेस उम्मीदवार का बड़ा दावा, जीत को लेकर कही चौंकाने वाली बात
Thursday, Jul 30, 2026-10:27 AM (IST)
दतिया (अंकुर जैन ,नवल यादव): मध्य प्रदेश के दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए मतदान जारी है। इसी बीच कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान के बाद पंजाब केसरी से विशेष बातचीत में उन्होंने भारतीय जनता पार्टी पर जमकर निशाना साधा। घनश्याम सिंह ने दावा किया कि दतिया की जनता कांग्रेस के पक्ष में मतदान कर रही है और उनकी जीत शत-प्रतिशत तय है।
उन्होंने कहा कि भाजपा विकास के नाम पर वोट मांग रही है, जबकि जमीनी स्तर पर विकास कहीं दिखाई नहीं देता। मतदान करने के बाद कांग्रेस उम्मीदवार घनश्याम सिंह ने कहा कि दतिया में कांग्रेस की जीत सुनिश्चित है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा विकास के नाम पर जनता को गुमराह कर रही है।
उनके अनुसार, दतिया में स्वास्थ्य सुविधाएं बदहाल हैं और गंभीर मरीजों को आज भी झांसी या ग्वालियर रेफर किया जाता है। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज बनने के बावजूद आम लोगों को अपेक्षित स्वास्थ्य सेवाएं नहीं मिल रही हैं।
अस्पतालों में विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी है और कई मशीनें उपलब्ध होने के बावजूद उनका समुचित उपयोग नहीं हो रहा है। घनश्याम सिंह ने दावा किया कि उनके विधायक कार्यकाल के दौरान कई विकास कार्य हुए थे, जबकि वर्तमान सरकार जनता की अपेक्षाओं पर खरी नहीं उतर पाई है।

