मंदिर के बाहर प्रसाद बेचने वाले की बेटी बनी अफसर! MPPSC में प्रिया अग्रवाल ने मारी बाजी, बनीं डिप्टी कलेक्टर
Sunday, Nov 09, 2025-05:09 PM (IST)
सतना। मेहनत, हौसले और सपनों की मिसाल बनी हैं सतना जिले के बिरसिंहपुर की बेटी प्रिया अग्रवाल, जिन्होंने MPPSC 2023 की फाइनल परीक्षा में प्रदेश में छठवां स्थान हासिल कर डिप्टी कलेक्टर बनने का गौरव पाया है।
बिरसिंहपुर के गैवीनाथ मंदिर के पास नारियल और प्रसाद बेचने वाले पिता विजय अग्रवाल की यह बेटी अब पूरे प्रदेश की प्रेरणा बन गई है। परिणाम घोषित होते ही उनके घर में जश्न का माहौल बन गया — ढोल-ढमाकों और मिठाइयों के साथ पूरे मोहल्ले ने बेटी की सफलता का जश्न मनाया।
पाँचवें प्रयास में पाई सफलता
प्रिया बताती हैं कि यह सफलता उन्हें पाँचवें प्रयास में मिली। उनकी प्रारंभिक शिक्षा बिरसिंहपुर शासकीय कन्या विद्यालय से हुई, जबकि उच्च शिक्षा इंदौर के होलकर कॉलेज से पूरी की। यहीं से उन्होंने एमपीपीएससी की तैयारी शुरू की।
नौकरी के साथ जारी रखी तैयारी
वर्ष 2021 में तीसरे प्रयास में उनका चयन श्रम अधिकारी के पद पर हुआ था। वर्तमान में वे रीवा में पदस्थ हैं। लेकिन प्रिया ने यहीं रुकना उचित नहीं समझा। नौकरी के साथ निरंतर पढ़ाई जारी रखी और अंततः पाँचवें प्रयास में डिप्टी कलेक्टर का सपना पूरा कर दिखाया।
माता-पिता के आशीर्वाद को दिया श्रेय
प्रिया कहती हैं —
मेरे माता-पिता ने जो संघर्ष किया, वही मेरी सबसे बड़ी प्रेरणा है। उनके त्याग और विश्वास के बिना मैं यहाँ तक नहीं पहुँच सकती थी।
एक मिसाल बन गई प्रिया
गरीब परिवार से निकलकर प्रशासनिक सेवा तक पहुँचना प्रिया की कहानी को खास बनाता है। आज वे हर उस छात्रा की उम्मीद बन चुकी हैं जो सीमित साधनों के बावजूद बड़ा सपना देखने की हिम्मत रखती है।

