Punjab Kesari MP ads

सरकारी जमीन और हैंडपंप को लेकर खूनी संघर्ष, दो पक्षों में जमकर चले लाठी-डंडे; VIDEO वायरल

Thursday, Jun 18, 2026-02:13 PM (IST)

सीधी (सूरज शुक्ला) मध्य प्रदेश के सीधी जिले के मड़वास थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत भदौरा के चौहट्टा टोला में गुरुवार सुबह शासकीय भूमि और सार्वजनिक हैंडपंप को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और लाठी-डंडों से मारपीट शुरू हो गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव में शासकीय भूमि पर कथित अतिक्रमण को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। गुरुवार सुबह विवादित स्थल के समीप स्थित सार्वजनिक हैंडपंप के उपयोग को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई। कुछ ही देर में विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के लोग आपस में भिड़ गए और मारपीट शुरू हो गई।

स्थानीय लोगों के अनुसार, घटना में रमेश तिवारी, अमित तिवारी, सुमित तिवारी, गोविंद सेन और मुन्ना सेन सहित दोनों पक्षों के कई लोग शामिल थे। मारपीट के दौरान कुछ महिलाएं भी मौके पर मौजूद थीं और विवाद का हिस्सा बनीं। झड़प में दोनों पक्षों के कई लोगों को चोटें आई हैं। घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल सीधी भेजा गया है। घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है, हालांकि पुलिस हालात पर नजर बनाए हुए है।

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें दोनों पक्ष एक-दूसरे पर हमला करते दिखाई दे रहे हैं। हालांकि वीडियो में दिख रहे व्यक्तियों और लगाए जा रहे आरोपों की आधिकारिक पुष्टि अभी तक पुलिस द्वारा नहीं की गई है।

मड़वास थाना प्रभारी अतर सिंह ने बताया कि फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। इसके बावजूद वायरल वीडियो और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है। उन्होंने बताया कि दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जाएंगे और जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही विवाद के वास्तविक कारणों और जिम्मेदार लोगों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Himansh sharma

Related News