Punjab Kesari MP ads

राम मंदिर विवाद में अब किस पर गिरेगी गाज? दिग्विजय सिंह ने कर दी बड़ी मांग

Saturday, Jun 27, 2026-08:21 PM (IST)

भोपाल। राम मंदिर को मिले दान और चढ़ावे को लेकर सामने आए कथित वित्तीय गड़बड़ी के आरोपों ने एक बार फिर राजनीतिक माहौल गर्म कर दिया है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने इस मामले में श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग की है।

मीडिया से चर्चा के दौरान दिग्विजय सिंह ने कहा कि करोड़ों श्रद्धालुओं ने भगवान राम के मंदिर निर्माण के लिए आस्था के साथ सहयोग किया था। ऐसे में यदि चढ़ावे और दान के इस्तेमाल पर सवाल उठ रहे हैं तो उनकी निष्पक्ष जांच होना जरूरी है। उन्होंने कहा कि केवल एक व्यक्ति ही नहीं, बल्कि पूरे मामले से जुड़े सभी लोगों की भूमिका की जांच होनी चाहिए।

दिग्विजय सिंह ने भाजपा, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और विश्व हिंदू परिषद पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि इस मामले में जवाबदेही तय होनी चाहिए। उनका कहना था कि धार्मिक आस्था से जुड़े विषयों में पूरी पारदर्शिता जरूरी है, ताकि श्रद्धालुओं का विश्वास बना रहे।

गौरतलब है कि इस मामले में अयोध्या के श्रीराम जन्मभूमि थाने में पहले ही एक प्राथमिकी दर्ज की जा चुकी है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने कई लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू की थी। बाद में कुछ आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भी भेजा गया।

इस विवाद को लेकर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव भी पहले न्यायिक जांच की मांग कर चुके हैं। वहीं उत्तर प्रदेश सरकार ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर एसआईटी गठित कर मामले की जांच कराई थी, जिसके आधार पर आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।

दिग्विजय सिंह ने साफ किया कि कांग्रेस इस मुद्दे को राजनीतिक बयान तक सीमित नहीं रखेगी। पार्टी गांव-गांव जाकर लोगों के बीच इस विषय को उठाएगी और इसे जनजागरण अभियान का हिस्सा बनाएगी।फिलहाल राम मंदिर चढ़ावा विवाद की जांच अपने स्तर पर जारी है, लेकिन दिग्विजय सिंह के ताजा बयान के बाद यह मामला एक बार फिर सियासी बहस के केंद्र में आ गया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Himansh sharma

Related News