बर्खास्त पुलिसकर्मी ने पत्नी-बेटी को कुल्हाड़ी से काटा,वारदात के बाद थाने पहुंच किया सरेंडर,बोला- पत्नी का किराएदार से अवैध संबंध
Wednesday, Apr 01, 2026-08:59 PM (IST)
रायपुर (पुष्पेंद्र सिंह): राजधानी रायपुर के विधानसभा थाना क्षेत्र के सेमरिया गांव में बुधवार सुबह एक सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। एक बर्खास्त पुलिसकर्मी ने अपनी ही पत्नी और जवान बेटी की कुल्हाड़ी से बेरहमी से हत्या कर दी।
गुलाब साहू ने की वारदात

आरोपी की पहचान गुलाब साहू के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सुबह करीब 7 बजे उसने पहले अपनी पत्नी लता साहू पर हमला किया। हमले की आवाज सुनकर बीच-बचाव करने आई बेटी चित्रा साहू (22) को भी उसने नहीं बख्शा और उस पर भी ताबड़तोड़ वार कर दिया।
हत्या के बाद आरोपी खुद थाने पहुंचा, किया सरेंडर
घटना इतनी अचानक और भयावह थी कि आसपास के लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही दोनों की मौके पर मौत हो चुकी थी। वारदात के बाद इलाके में दहशत फैल गई और लोगों की भीड़ जुट गई।
आरोपी का दावा- पत्नी का किराएदार के साथ अवैध संबंध
हैरानी की बात यह रही कि हत्या के बाद आरोपी खुद ही विधानसभा थाने पहुंच गया और सरेंडर कर दिया। पुलिस के सामने उसने जो वजह बताई, वह भी चौंकाने वाली है। आरोपी का दावा है कि उसकी पत्नी का एक किराएदार के साथ अवैध संबंध था और वह लंबे समय से मानसिक रूप से परेशान था। उसने यह भी कहा कि पत्नी और बेटी द्वारा किए जा रहे कथित टॉर्चर से तंग आकर उसने यह खौफनाक कदम उठाया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया। मामले में पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है, जिसमें पारिवारिक विवाद, मानसिक स्थिति और आरोपी के दावों की सच्चाई की भी जांच शामिल है।
इस दिल दहला देने वाली घटना ने राजधानी में कानून-व्यवस्था और पारिवारिक तनाव जैसे मुद्दों को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल आरोपी पुलिस हिरासत में है और आगे की कार्रवाई जारी है।

