सरकारी कार्यक्रम में हंगामा! कांग्रेस जिला पंचायत अध्यक्ष को भाजपा नेता ने जड़ा थप्पड़, वीडियो वायरल
Friday, Jul 24, 2026-07:37 PM (IST)
राजगढ़ (धर्मराज सिंह) : राजगढ़ जिले के नरसिंहगढ़ में आयोजित संदीपनी विद्यालय के नवनिर्मित भवन के लोकार्पण और संदीपनी उत्सव कार्यक्रम के दौरान उस समय माहौल गर्मा गया, जब कांग्रेस नेताओं जिला पंचायत अध्यक्ष चंदर सिंह सोंधिया और जिला पंचायत उपाध्यक्ष को कार्यक्रम स्थल में प्रवेश से रोक दिया गया। इतना ही नहीं जब कांग्रेस नेता कार्यक्रम वापस लौट रहे थे तो भाजपा नेता नारायण बाथम ने कांग्रेस नेता को थप्पड़ जड़ दिया। यह पूरा नजारा प्रभारी मंत्री और पुलिस प्रशासन की मौजूदगी में हुआ।

कार्यक्रम में जिले के प्रभारी मंत्री चैतन्य कश्यप मुख्य अतिथि के तौर पर मौजूद थे। कांग्रेस समर्थित जिला पंचायत अध्यक्ष चंदर सिंह सोंधिया और जिला पंचायत उपाध्यक्ष भी कार्यक्रम में पहुंचे थे, लेकिन आरोप है कि पुलिस ने उन्हें अंदर जाने से रोक दिया।
इस बात को लेकर पुलिस और कांग्रेस नेताओं के बीच तीखी नोकझोंक हुई। विरोध स्वरूप जिला पंचायत अध्यक्ष चंदर सिंह सोंधिया मंच के सामने धरने पर बैठ गए। कुछ देर बाद अधिकारियों की समझाइश पर प्रभारी मंत्री ने उन्हें मंच पर बुलाया, लेकिन आरोप है कि जब उन्होंने संबोधन शुरू किया तो उन्हें बीच में ही रोक दिया गया।

इसके बाद चंदर सिंह सोंधिया ने भाजपा और प्रशासन पर लोकतांत्रिक अधिकारों के हनन के आरोप लगाए। इसी दौरान एक और विवाद सामने आया। कार्यक्रम स्थल से बाहर ले जाते समय भीड़ में से पुलिस की मौजूदगी में भाजपा के नारायण बाथम ने जिला पंचायत अध्यक्ष को कथित तौर पर थप्पड़ जड़ दिया। जिसका वीडियो कैमरे में कैद हो गया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

