Punjab Kesari MP ads

‘भाजपा के लिए लठ्ठ चलाकर वोट डलवाएंगे’ दतिया उपचुनाव से पहले वीडियो वायरल, मंत्री ने दी शाबाशी

Wednesday, Jul 22, 2026-06:21 PM (IST)

दतिया (नवल यादव) : विधानसभा उपचुनाव के बीच सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो ने राजनीतिक माहौल गर्मा दिया है। वीडियो में एक युवक कथित तौर पर "लठ्ठ चलाकर वोट डलवाने" की बात करता सुनाई दे रहा है, जबकि उसके पास मौजूद कैबिनेट मंत्री राकेश शुक्ला भी दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद कांग्रेस ने भाजपा पर तीखा हमला बोला है। हालांकि, भाजपा की ओर से इस मामले में अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।

PunjabKesari

वायरल वीडियो दतिया विधानसभा क्षेत्र के बड़ौनी इलाके का बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, कैबिनेट मंत्री राकेश शुक्ला सोमवार और मंगलवार को भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी के समर्थन में जनसंपर्क अभियान चला रहे थे। इसी दौरान रिकॉर्ड हुए इस वीडियो में एक युवक मंत्री से कहता सुनाई देता है कि वह "लठ्ठ के दम पर वोट डलवाएगा, मारपीट करेगा और लोगों को पकड़कर वोट डलवाएगा।" इस पर मंत्री "अरे वाह" कहते हुए युवक की पीठ थपथपाते नजर आते हैं। इसके बाद युवक यह भी कहता है कि बाद में ऐसा न हो कि आप ही पीछे हट जाएं।

PunjabKesari

वीडियो वायरल होने के बाद कांग्रेस ने इसे चुनावी मुद्दा बना लिया है। पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा ने प्रेसवार्ता कर भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि भाजपा की राजनीति डर, दबाव और सत्ता हासिल करने की मानसिकता पर आधारित है। वर्मा ने आरोप लगाया कि लोकतंत्र में इस तरह की सोच स्वीकार्य नहीं है और जनता सब कुछ देख रही है।

फिलहाल इस वायरल वीडियो को लेकर भाजपा की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। लेकिन चुनावी माहौल के बीच इस मुद्दे पर दोनों प्रमुख दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है और वीडियो को लेकर राजनीतिक चर्चाएं लगातार जारी हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

meena

Related News