दतिया के दंगल में पहला नामांकन दाखिल, जानिए किसने शक्ति प्रदर्शन के साथ दिखाई ताकत, केतली है चुनाव चिन्ह
Thursday, Jul 09, 2026-02:30 PM (IST)
दतिया (नवल यादव): दतिया विधानसभा उपचुनाव में नामांकन प्रक्रिया ने अब रफ्तार पकड़ ली है। गुरुवार को आज़ाद समाज पार्टी (कांशीराम) के प्रत्याशी दामोदर सिंह यादव ने अपना नामांकन दाखिल कर उपचुनाव के पहले अधिकृत उम्मीदवार बनने का दावा पेश किया। अब शुक्रवार को भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा के संभावित नामांकन और शक्ति प्रदर्शन पर सबकी निगाहें टिकी हैं।
दामोदर यादव को मिला 'केतली' चुनाव चिन्ह
दतिया विधानसभा उपचुनाव की नामांकन प्रक्रिया के चौथे दिन गुरुवार को आज़ाद समाज पार्टी (कांशीराम) के प्रत्याशी दामोदर सिंह यादव ने अपने भाई केशव यादव के साथ कलेक्ट्रेट स्थित तहसील कार्यालय पहुंचकर नामांकन पत्र जमा किया। इसके साथ ही उपचुनाव का पहला विधिवत नामांकन दाखिल हो गया। दामोदर यादव इस चुनाव में 'केतली' चुनाव चिन्ह पर अपनी किस्मत आजमाएंगे।
नामांकन के दौरान कलेक्ट्रेट परिसर में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए। निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार केवल अधिकृत व्यक्तियों को ही परिसर में प्रवेश दिया गया, जबकि समर्थकों और कार्यकर्ताओं को मुख्य प्रवेश द्वार पर ही रोक दिया गया। पूरे क्षेत्र में पुलिस बल तैनात रहा और सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद दिखाई दी।
अब राजनीतिक हलकों की नजर शुक्रवार पर है, जब भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा के नामांकन दाखिल करने की संभावना जताई जा रही है। उनके नामांकन के दौरान बड़ी संख्या में समर्थकों के पहुंचने की उम्मीद है, जिसके मद्देनजर प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष तैयारियां की हैं।
नामांकन प्रक्रिया के आगे बढ़ने के साथ ही दतिया का चुनावी माहौल लगातार गर्माता जा रहा है। प्रमुख राजनीतिक दलों के प्रत्याशियों के मैदान में उतरने से उपचुनाव का मुकाबला अब और दिलचस्प होने की संभावना है।

