पूर्व कृषि मंत्री बोले- दीपावली त्योहार तो किसानों का है, पर उनके चेहरों पर मुस्कान नहीं...सरकार ने खुशियां छीन लीं
Tuesday, Oct 21, 2025-06:42 PM (IST)
धमधा (हेमंत पाल) : दीपावली के पर्व पर जहां पूरा प्रदेश रोशनी और उत्सव में डूबा रहा, वहीं पूर्व कृषि मंत्री रविंद्र चौबे ने अपने गृह ग्राम महुअभाटा पहुंचकर सादगी से दीपावली मनाई। सुबह से ही क्षेत्र के कांग्रेसी कार्यकर्ता उनके निवास पहुंचे और मिठाई खिलाकर उन्हें दीपावली की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान पूर्व मंत्री चौबे ने मीडिया से बातचीत करते हुए प्रदेश की भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि “दीपावली मूलतः किसानों का पर्व है, पर इस बार खेतों में अंधेरा है, किसानों के चेहरों पर मुस्कान नहीं है।
किसानों की दीपावली फीकी
पूर्व कृषि मंत्री चौबे ने कहा कि प्रदेश का किसान इस बार दीपावली पर खुश नहीं है। किसान परेशान है। उन्होंने कहा कि बिजली बिलों में बेहिसाब वृद्धि हो गई है, खाद-बीज महंगे हो गए हैं और फसल उत्पादन भी इस बार कमजोर रहा। ऐसे में किसान की दीपावली रोशनी से ज्यादा चिंता में डूबी है। भाजपा सरकार को कटघरे में खड़ा करते हुए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की सरकार किसानों से किए गए वादे निभाने में नाकाम रही है। हमारी सरकार के समय हर त्योहार पर किसानों को सम्मान निधि, बोनस और सहायता राशि दी जाती थी। लेकिन अब किसानों को न बिजली में राहत मिली, न फसल की कीमत में न्याय।

भाजपा ने किसानों को सिर्फ ठगा है
चौबे ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार किसान विरोधी है। झूठे वादों का पर्व मनाया जा रहा है। चौबे ने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा सरकार दीपावली पर दीप जरूर जला रही है, पर किसानों के घरों में अंधेरा बढ़ा रही है। भाजपा की सरकार में किसान खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहा है। हर चुनाव में वादे किए जाते हैं, पर खेतों में बिजली की जगह बिल बढ़ाए जा रहे हैं। न बोनस मिला, न समर्थन मूल्य में बढ़ोतरी यह कैसा त्योहार है किसानों के लिए? उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने हमेशा किसान को प्राथमिकता दी। हमने किसान को सिर्फ वोट बैंक नहीं, प्रदेश की रीढ़ की हड्डी माना। रबी और खरीफ दोनों सीजन में राहत दी। कर्ज माफ किया और समय पर सहायता राशि दी। आज भाजपा सरकार में किसान के साथ अन्याय हो रहा है।
सादगी में मनाई दीपावली, ग्रामीणों से की मुलाकात
दीपावली के अवसर पर चौबे ने महुआभाटा में अपने परिवार और समर्थकों के साथ दीप प्रज्वलित किए और मंदिर जाकर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। ग्रामीणों ने उनका स्वागत फूलमालाओं और मिठाइयों से किया। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने और किसानों की समस्याओं को मुखरता से उठाने की अपील की।
रविंद्र चौबे का सीधा संदेश
दीपावली रोशनी का पर्व है, लेकिन किसान की आंखों में आज भी अंधेरा है। भाजपा सरकार को अब किसानों की पीड़ा समझनी होगी। अगर यही हाल रहा तो आने वाले चुनाव में किसान जवाब देगा।

