Punjab Kesari MP ads

भीम आर्मी के पूर्व नेता पर गंभीर आरोप, 7 माह की गर्भवती महिला सहित परिवार पर जानलेवा हमला; FIR दर्ज

Tuesday, Jun 02, 2026-02:25 PM (IST)

छतरपुर: मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। जहां एक परिवार पर जानलेवा हमला किया गया है। आरोप है कि भीम आर्मी के पूर्व नेता देवीदीन अहिरवार ने अपने साथियों संग मिलकर घटना को अंजाम दिया है। हमले में 7 माह की गर्भवती महिला के पेट पर लात मारी गई है। जिससे उसकी हालत गंभीर बताई गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, यह घटना ईसानगर थाना क्षेत्र में हुई है। यहां निवासी एक ही परिवार के छह लोगों पर जानलेवा हमला किया गया। आरोप है कि रात करीब 8 बजे भीम आर्मी के पूर्व प्रदेश प्रभारी और पूर्व सचिव देवीदीन उर्फ देव अहिरवार ने अपने साथियों के साथ मिलकर रामकिशोर नाम के युवक पर अचानक हमला बोल दिया। बताया जा रहा है कि युवक किसी काम से घर से बाहर निकला था। तभी अचानक उस पर हमला किया गया। घर के बेटे को पिटता देख मौके पर परिजन पहुंचे। आरोपियों ने लाठी-डंडों से उन पर भी हमला किया।

आरोपियों ने हैवानियत की सारी हदें पार करते हुए घर की बहू विद्या अहिरवार के साथ भी जमकर मारपीट की। विद्या 7 महीने की गर्भवती है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि हमलावरों ने जानबूझकर विद्या के पेट पर लात मारी, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। घटना को अंजाम देकर सभी आरोपी मौके पर फरार हो गए। आनन-फानन में गंभीर घायलों को स्थानीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। हमले में, एक 72 वर्षीय बुजुर्ग महिला जमुनी अहिरवार की हालत नाजुक बनी हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मुख्य आरोपी देवीदीन अहिरवार समेत छह लोगों के खिलाफ मारपीट और अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी देवीदीन के खिलाफ पहले भी कई संगीन मामले दर्ज हैं। पुलिस प्रशासन का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें रवाना कर दी गई हैं और जल्द ही सभी सलाखों के पीछे होंगे।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Vandana Khosla

Related News