कांग्रेस के पूर्व नेता प्रतिपक्ष ने लिया बड़ा प्रण, कहा-जब तक MP में कांग्रेस सरकार नहीं बनेगी ये काम नहीं करेंगें..
Thursday, Mar 19, 2026-07:50 PM (IST)
छतरपुर (राजेश चौरसिया): पूर्व नेता प्रतिपक्ष एवं चुरहट विधानसभा के विधायक अजय सिंह राहुल अपने 6 दिवसीय बुंदेलखंड दौरे के तहत गुरुवार को छतरपुर पहुंचे। सटई रोड स्थित वार्ड पार्षद एवं प्रभा स्कूल संचालक शिव सिंह यादव द्वारा उनके स्वागत में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। नवरात्रि के प्रथम दिवस पर कार्यक्रम की शुरुआत कन्या पूजन के साथ हुई, जिसके बाद अजय सिंह राहुल का माल्यार्पण कर स्वागत किया गया।
अजय सिंह की बड़ी प्रतिज्ञा,कहा- जब तक MP में कांग्रेस सरकार नहीं बनती साफा-माला नही पहनेंगे
इस मौके पर अजय सिंह राहुल ने बड़ी प्रतिज्ञा लेते हुए कहा कि जब तक मध्य प्रदेश में कांग्रेस की सरकार नहीं बनेगी तब तक वे साफा और माला नहीं पहनेंगे। अजय सिंह राहुल ने विश्वास जताया है कि 2028 में पक्की हमारी सरकार बनेगी, तब तक वे साफा माला नहीं पहनेंगे। जिले के भ्रमण पर पहुंचे वरिष्ठ कांग्रेस नेता अजय सिंह राहुल ने स्पष्ट दावा किया कि वे 2028 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की सरकार बनाने के प्रति आश्वस्त हैं। पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा, जब तक सरकार नहीं बनेगी, तब तक स्वाफा माला नहीं पहनेंगे। 2028 में पक्का सरकार बनेगी।
भाजपा पर दबाव की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए अजय सिंह राहुल ने कहा, भाजपा की सरकार दबाव की राजनीति करती है। अभी तो सिर्फ पार्टी के दफ्तर में नोटिस चस्पा किया गया है। अगर भाजपा के लोग और कोई दावा या आपत्ति करते हैं तो हम उसके लिए भी पूरी तरह तैयार हैं।
राहुल गांधी पर कंगना रनौत के हालिया बयान पर टिप्पणी करने से उन्होंने साफ इनकार कर दिया। उन्होंने कहा, वे किस तरह की विचारधारा की हैं, यह सब जानते हैं। मैं इस पर कुछ नहीं कहना चाहता। जातिगत जनगणना के मुद्दे पर उन्होंने संतुलित रुख अपनाते हुए कहा, मैं इस तरह की किसी भी बात के पक्ष में नहीं हूं जहां पर समाज में विभाजन हो और जल्दबाजी में कोई निर्णय लिया जाए।

