Punjab Kesari MP ads

5 दिन बाद थी शादी आज उठ गई अर्थी, घर का इकलौता 21 साल का चिराग खत्म,काल बनकर आई बोलेरो ने रौंदे सपने

Wednesday, Apr 15, 2026-10:55 PM (IST)

भोपाल (इजहार खान): राजधानी के देहात इलाके में हुए एक भीषण सड़क हादसे ने खुशियों वाले घर को ताउम्र का गम दे दिया है। दरअसल नजीराबाद के भावपुरा निवासी 21 वर्षीय पप्पू गुर्जर, जिनकी पाँच दिन बाद 21 अप्रैल को बारात लगनी थी लेकिन वो तेज रफ्तार बोलेरो कार की चपेट में आ गए।अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस हादसे ने न केवल एक परिवार से उसका सहारा छीन लिया, बल्कि एक पूरे वंश का अंत कर दिया।

हादसे की भयावहता: टक्कर मारने के बाद बाइक पर पलटी बोलेरो

घटना उस समय हुई जब पप्पू गुर्जर अपनी बाइक से 11 मील क्षेत्र में थे। तभी अचानक काल बनकर आई अनियंत्रित बोलेरो कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।बोलेरो ने पहले उनकी बाइक को टक्कर मारी फिर वो बाइक पर ही पलट गई जिससे पप्पू गंभीर रूप से घायल हो गए।आनन-फानन में उन्हें नजदीकी अस्पताल पहुँचाया गया, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था।अस्पताल पहुचने पर डाक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पाँच दिन बाद थी शादी, घर में चल रही थी तैयारी

पप्पू गुर्जर के घर में इन दिनों उत्सव का माहौल था।आज बुधवार को उनके घर गणेश पूजन थी और 21 अप्रैल को सामूहिक विवाह सम्मेलन से उनका विवाह होना था। हर तरफ शादी की तैयारियां चल रही थीं, मेहमानों का आना शुरू होने वाला था। जानकारी के अनुसार, पप्पू ने हाल ही में अपनी गेहूं की फसल बेची थी और उसी राशि से अपनी शादी की खरीदारी और अन्य तैयारियों में जुटे हुए थे। किसे पता था कि जिस दूल्हे के सिर पर सेहरा सजने वाला था, उसके भाग्य में मौत का कफ़न लिखा है।

परिवार का इकलौता सहारा और 'वंश' का अंत

पप्पू के सिर से पिता का साया कुछ साल पहले ही उठ चुका था। वह अपने घर के इकलौते कमाऊ सदस्य थे और परिवार की जिम्मेदारी अकेले कंधों पर उठाए हुए थे। ग्रामीणों के अनुसार, वह परिवार का इकलौता चिराग थे, और उनकी असामयिक मृत्यु के साथ ही उनके वंश का दीया भी बुझ गया है।

पूरे गांव में पसरा सन्नाटा

नजीराबाद और भावपुरा गांव में इस खबर के पहुँचते ही शोक की लहर दौड़ गई। ग्रामीण स्तब्ध हैं कि जिस घर से पाँच दिन बाद बारात निकलने वाली थी, वहां से आज अर्थी उठी। पुलिस ने बोलेरो चालक पर मामला दर्ज कर लिया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Desh Raj

Related News