Punjab Kesari MP ads

सोना खरीदने का शानदार मौका! फिर गिरे गोल्ड के दाम, लेटेस्ट रेट देखकर चौंक जाएंगे

Wednesday, Jul 29, 2026-03:35 PM (IST)

भोपाल। वैश्विक बाजार में बढ़ती अनिश्चितताओं और अमेरिकी फेडरल रिजर्व की बैठक से पहले निवेशकों की सतर्कता का असर घरेलू सर्राफा बाजार पर भी साफ दिखाई दे रहा है। बुधवार को सोने और चांदी की कीमतों में एक बार फिर नरमी दर्ज की गई। हालांकि अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर कीमतों में मामूली अंतर देखने को मिला, लेकिन बाजार का रुख फिलहाल दबाव में बना हुआ है।मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर 24 कैरेट शुद्ध सोना गिरकर 1,41,400 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार करता दिखा। वहीं इंडियन बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (IBJA) के अनुसार 24 कैरेट सोने का भाव 1,42,291 रुपये प्रति 10 ग्राम दर्ज किया गया। दूसरी ओर, रिटेल बाजार में गुडरिटर्न्स के मुताबिक 24 कैरेट सोने की कीमत 1,43,660 रुपये प्रति 10 ग्राम बनी हुई है।

गहनों के सोने में भी आई नरमी

आभूषणों में सबसे अधिक उपयोग होने वाले 22 कैरेट सोने का भाव 1,30,650 रुपये प्रति 10 ग्राम तक आ गया है, जबकि 18 कैरेट सोने की कीमत 1,06,690 रुपये प्रति 10 ग्राम दर्ज की गई। कीमतों में आई इस गिरावट से शादी-ब्याह और निवेश के लिए खरीदारी की योजना बना रहे लोगों को कुछ राहत मिल सकती है।

चांदी में भी उतार-चढ़ाव जारी

सोने के साथ-साथ चांदी की कीमतों में भी हलचल बनी हुई है। MCX पर चांदी 2,16,526 रुपये प्रति किलोग्राम पर कारोबार कर रही है, जबकि IBJA के अनुसार इसका भाव 2,17,349 रुपये प्रति किलो है। वहीं खुदरा बाजार में गुडरिटर्न्स के मुताबिक चांदी 2,35,000 रुपये प्रति किलो के आसपास बिक रही है।

भोपाल-इंदौर में आज का गोल्ड रेट

भोपाल और इंदौर के सर्राफा बाजार में 24 कैरेट सोने का भाव लगभग 1,43,560 रुपये प्रति 10 ग्राम बना हुआ है। वहीं 22 कैरेट सोना करीब 1,31,600 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर कारोबार कर रहा है।

देश के प्रमुख शहरों में कीमतें

दिल्ली, जयपुर, लखनऊ और मेरठ जैसे शहरों में 24 कैरेट सोना 1,43,660 रुपये, 22 कैरेट 1,31,700 रुपये और 18 कैरेट 1,07,780 रुपये प्रति 10 ग्राम के आसपास बिक रहा है। वहीं भोपाल, इंदौर, मुंबई, पुणे, नागपुर, जयपुर, दिल्ली और लखनऊ में 999 शुद्धता वाली चांदी लगभग 2,35,000 रुपये प्रति किलो है। चेन्नई, हैदराबाद, विजयवाड़ा, विशाखापत्तनम और केरल में चांदी का भाव 2,35,900 रुपये प्रति किलो दर्ज किया गया।

क्यों घटे सोने-चांदी के दाम?

बाजार विशेषज्ञों के मुताबिक मजबूत अमेरिकी डॉलर, कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव और अमेरिकी फेडरल रिजर्व की मौद्रिक नीति बैठक से पहले निवेशकों की मुनाफावसूली के चलते कीमती धातुओं पर दबाव बना है। फिलहाल ब्रेंट क्रूड करीब 86 डॉलर प्रति बैरल और डॉलर इंडेक्स 101.09 के आसपास कारोबार कर रहा है।

विशेषज्ञों का मानना है कि यदि मध्य-पूर्व में भू-राजनीतिक तनाव दोबारा बढ़ता है या फेडरल रिजर्व के फैसले बाजार की उम्मीदों से अलग आते हैं, तो सोना और चांदी फिर तेजी की राह पकड़ सकते हैं। ऐसे में आने वाले दिनों में सर्राफा बाजार में उतार-चढ़ाव जारी रहने की संभावना है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Himansh sharma

Related News