नौकरी के नाम पर हैवानियत! सूने फ्लैट में युवती को बनाया शिकार, फिर VIDEO से ब्लैकमेल
Saturday, Jun 06, 2026-07:29 PM (IST)
ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में नौकरी दिलाने के नाम पर एक युवती के साथ दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि युवक ने पहले नौकरी का झांसा देकर युवती से संपर्क बढ़ाया, फिर उसे बहाने से एक सूने फ्लैट में ले जाकर गलत हरकत की। इसके बाद आरोपी और उसके दो दोस्तों ने कथित फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देकर युवती को लंबे समय तक मानसिक रूप से प्रताड़ित किया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
नौकरी की तलाश बनी मुसीबत
थाटीपुर थाना क्षेत्र की रहने वाली 23 वर्षीय युवती ने पुलिस को बताया कि मई 2025 में नौकरी की तलाश के दौरान उसकी मुलाकात विनय जाटव से हुई थी। युवती ने कुछ दिन उसके यहां काम भी किया, लेकिन काम पसंद नहीं आने पर नौकरी छोड़ दी। इसके बावजूद विनय लगातार उससे संपर्क करता रहा।
सूने फ्लैट में ले जाकर की गलत हरकत
पीड़िता के अनुसार, जून 2025 में विनय उसे अल्कापुरी स्थित एक सूने फ्लैट में ले गया। वहां उसने युवती की इच्छा के विरुद्ध गलत हरकत की। सामाजिक बदनामी के डर से पीड़िता उस समय चुप रही, लेकिन इसके बाद आरोपियों द्वारा उसे लगातार परेशान किया जाता रहा।
वीडियो वायरल करने की धमकी
युवती का आरोप है कि विनय के दोस्त आदर्श उर्फ विनीत जाटव और प्रांशू उर्फ पीयूष माझी भी उसे ब्लैकमेल करने लगे। आदर्श ने फोन कर कथित तौर पर फोटो और वीडियो इंटरनेट पर अपलोड होने की बात कहकर और तस्वीरें भेजने का दबाव बनाया, जबकि प्रांशू लगातार व्हाट्सएप कॉल कर मिलने के लिए मजबूर करता रहा।
परिजनों को बताई आपबीती, पुलिस पहुंचा मामला
लगातार मिल रही धमकियों और मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर युवती ने पूरी घटना अपने परिजनों को बताई। इसके बाद परिवार के साथ थाटीपुर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई गई।
तीनों आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने युवती की शिकायत पर मामला दर्ज कर मुख्य आरोपी विनय जाटव समेत आदर्श उर्फ विनीत जाटव और प्रांशू उर्फ पीयूष माझी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के खिलाफ दुष्कर्म, धमकी, छेड़छाड़ और आईटी एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।

