BJP नेता प्रबल प्रताप सिंह ने दूसरे धर्म अपना चुके लोगों की कराई घर वापसी, 6 सौ लोगों ने फिर से अपनाया हिंदू धर्म
Monday, Dec 27, 2021-01:29 PM (IST)

जशपुर (योगेश यादव): बीजेपी प्रदेश मंत्री प्रबल प्रताप सिंह जूदेव 2013 से अपने पिता स्व दिलीप सिंह जूदेव द्वारा चलाये गए राष्ट्रीय मिशन घरवापसी को आगे बढाने में लगे हुए हैं। इस बीच उन्होंने एक बार फिर दुसरे धर्म अपना चुके लोगों का पांव धोकर हिन्दू धर्म में घर वापसी कराया। इस दौरान क्षेत्रीय सांसद गोमती साय, राजघराने से विजय आदित्य सिंहदेव समेत हजारों की संख्या में लोग उपस्थित रहे, और घर वापसी कार्यक्रम के साक्षी बने।
स्वर्गीय दिलीप सिंह जूदेव के राष्ट्रव्यापी महाअभियान आपरेशन घर वापसी को सम्हालने के लिए अब युवा वर्ग सामने आने लगा है। जशपुर राजघराने के प्रबल प्रताप सिंह जूदेव के नेतृत्व में विक्रमादित्य सिंहदेव के पुत्र विजय आदित्य सिंहदेव ने किलकिला धाम में शामिल हुए, प्रबल प्रताप सिंह जूदेव ने धर्मान्तरित परिवारों के पैर धोकर उनकी घर वापसी कराई। शनिवार को पत्थलगांव विधानसभा के ग्राम पंचायत किलकिला में आयोजित विश्व कल्याण महायज्ञ में आसपास के ग्रामीण व अन्य जशपुर एवं रायगढ़ जिले से आए लोग शामिल हुए। उक्त तीन दिवसीय कार्यक्रम में पिछले कई पीढ़ियों से धर्मान्तरित हो चुके लोग शामिल हुए जहां उनके पांव धोकर उनकी घरवापसी कराई गई। स्व. दिलीप सिंह जूदेव ने पुरे देश में आपरेशन घर वापसी का अभियान चलाया था जिसके माध्यम से उन्होंने धर्मान्तरित लोगों को पुनः हिन्दू धर्म में शामिल करने का बीड़ा उठाया था। इस विरासत को उनके पुत्र प्रबल प्रताप ने संभाला और अब उनके भतीजे विजय आदित्य सिंहदेव बखूबी सम्हालते दिख रहे हैं। प्रबल प्रताप सिंह जूदेव ने बताया कि इस कार्यकर्म में 6 सौ से भी अधिक व्यक्तियों को हिन्दू धर्म में घर वापसी कराया गया, उन्होंने कांग्रेस सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा की कांग्रेस सरकार जब से सत्ता में आई है। तब से धर्मांतरण बढ़ गया है। जशपुर राजघराने की करीबी एवं क्षेत्रीय सांसद गोमती साय ने भी धर्मान्तरण को लेकर कांगेस पर जमकर हल्ला बोला।