Punjab Kesari MP ads

दिल दहलाने वाली घटनाः व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, शव को चूहों ने कुतरा; घर में गेंद लेने गए थे बच्चे तभी पता चला

Thursday, Apr 16, 2026-05:08 PM (IST)

इंदौरः मध्यप्रदेश के इंदौर में 65 वर्षीय एक व्यक्ति की उसके घर में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद उसका क्षत-विक्षत शव बरामद होने पर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस के एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि व्यक्ति की मौत संभवतः दो दिन पहले हुई और शव पर चूहों के कुतरने के निशान मिले हैं।

चंदन नगर थाने के प्रभारी तिलक करोले ने बताया कि मृतक की पहचान छगन दावड़े (65) के रूप में हुई है और उनकी मौत के बारे में तब पता चला, जब क्रिकेट खेल रहे बच्चों की गेंद उनके खंडहरनुमा मकान में चली गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। जांच में पाया गया कि दावड़े के तीन बेटे हैं, जो उनसे अलग रहते हैं। उनकी पत्नी का छह माह पहले निधन हो चुका है। पत्नी की मौत के बाद दावड़े अपने घर में अकेले रहते थे। दावड़े की मौत दो दिन पहले होने की आशंका है। उनके शव पर चूहों के कुतरने के निशान मिले हैं।

फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) के दल ने भी घटनास्थल का मुआयना किया। करोले ने बताया कि दावड़े के शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया है और इसकी रिपोर्ट मिलने के बाद ही उनकी मौत की वजह पता चल सकेगी। बताया कि दावड़े के परिजनों और पड़ोसियों के बयान लिए जाएंगे तथा उनके घर के आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जाएंगे। पुलिस का कहना है कि जांच में मिलने वाले तथ्यों के आधार पर उचित कानूनी कदम उठाए जाएंगे।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Vandana Khosla

Related News