खंडवा सेल्स टैक्स ऑफिस में भीषण आग: 10 साल का रिकॉर्ड जलकर खाक, मचा हड़कंप
Sunday, Apr 12, 2026-04:30 PM (IST)
खंडवा (मुश्ताक मंसूरी): मध्य प्रदेश के खंडवा में जिला जेल के सामने स्थित सेल्स टैक्स (राज्य कर) कार्यालय में रविवार दोपहर अचानक भीषण आग लग गई, जिसमें करीब 10 साल पुराने रिकॉर्ड जलकर खाक हो गए। देखते ही देखते आग ने पूरी बिल्डिंग को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में दफ्तर के महत्वपूर्ण दस्तावेज, कंप्यूटर और फर्नीचर पूरी तरह जल गए हैं। रविवार का अवकाश होने के कारण एक बड़ा जनहानि का हादसा टल गया।
दोपहर करीब 2 बजे जब बिल्डिंग से काला धुआं और आग की लपटें उठती दिखाई दीं, तो स्थानीय रहवासियों ने तुरंत ‘डायल 112’ पर सूचना दी। मौके पर सबसे पहले कोतवाली थाना पुलिस पहुंची।
गनीमत रही कि रविवार होने की वजह से दफ्तर बंद था, वरना अंदर मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों की जान को खतरा हो सकता था। फिलहाल कोतवाली थाना पुलिस मौके पर मौजूद है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है। वहीं, फायर ब्रिगेड की मदद से आग पर काबू पा लिया गया है।

