आरोन में युवा परशुराम सेना ने राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन, बिहार में पुलिस कार्रवाई की निष्पक्ष जांच की मांग
Thursday, Jun 25, 2026-04:55 PM (IST)
आरोन (गौरव शर्मा): आरोन में युवा परशुराम सेना आरोन द्वारा गुरुवार को महामहिम राष्ट्रपति के नाम आरोन एसडीएम मंजूषा खत्री को सौंपा गया। ज्ञापन में बिहार राज्य में एक युवक की कथित पुलिस कार्रवाई के दौरान हुई मृत्यु के मामले में दोषी पुलिसकर्मियों के विरुद्ध निष्पक्ष जांच एवं कड़ी कार्रवाई की मांग की गई है।
ज्ञापन में बताया गया कि मीडिया और समाचार पत्रों के माध्यम से जानकारी प्राप्त हुई है कि बिहार पुलिस द्वारा वाहन जांच के दौरान एक युवक को रोका गया था। युवक द्वारा स्वयं को पुलिस एवं समाजसेवा से जुड़ा व्यक्ति बताए जाने के बावजूद पुलिसकर्मियों द्वारा कथित रूप से उसके साथ मारपीट की गई, जिससे उसकी मृत्यु हो गई। घटना के बाद मृतक युवक के परिजनों और समाज में आक्रोश व्याप्त है।
युवा परशुराम सेना ने मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए तथा मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को शासकीय नौकरी प्रदान की जाए।
संगठन ने राष्ट्रपति महोदय से अनुरोध किया है कि मामले की जांच सीबीआई अथवा किसी स्वतंत्र एजेंसी से कराई जाए ताकि सच्चाई सामने आ सके और दोषियों को दंड मिल सके। ज्ञापन में चेतावनी भी दी गई है कि यदि निष्पक्ष कार्रवाई नहीं की गई तो समाज को आंदोलन करने के लिए बाध्य होना पड़ेगा। इस अवसर पर युवा परशुराम सेना के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। ज्ञापन पर संगठन की ओर से हस्ताक्षर कर 25 जून 2026 को प्रस्तुत किया गया।

