मेयर के खिलाफ अपमानजनक पोस्ट करना कांग्रेस नेता को पड़ा बहुत भारी, हुई FIR
Friday, Jun 05, 2026-11:49 PM (IST)
इंदौर (सचिन बहरानी): इंदौर में महापौर पुष्यमित्र भार्गव के खिलाफ सोशल मीडिया पर कथित रूप से भ्रामक, आपत्तिजनक और मानहानिकारक पोस्ट करने के मामले में अन्नपूर्णा थाना पुलिस ने कांग्रेस नेता हेमंत आहूजा के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज की है। शिकायतकर्ता जयेश जैन की शिकायत पर पुलिस ने जांच के बाद प्रकरण दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है।
दरअसल इंदौर के अन्नपूर्णा थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया पर महापौर पुष्यमित्र भार्गव की छवि धूमिल करने के आरोप में कांग्रेस नेता हेमंत आहूजा के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। शिकायतकर्ता जयेश जैन ने पुलिस को दिए आवेदन में आरोप लगाया था कि हेमंत आहूजा, जो स्वयं को कांग्रेस का उपाध्यक्ष बताता है, ने विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर महापौर के खिलाफ तथ्यहीन, भ्रामक और आपत्तिजनक पोस्ट प्रकाशित कीं। शिकायत के साथ संबंधित पोस्टों के स्क्रीनशॉट और अन्य साक्ष्य भी पुलिस को सौंपे गए थे। वही पुलिस ने हेमंत आहूजा के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

