MP कांग्रेस प्रभारी की दो टूक,संगठन में अनुशासनहीनता नहीं होगी बर्दाश्त, स्थानीय कार्यकर्ता ही तय करेंगे कांग्रेस प्रत्याशी
Saturday, May 09, 2026-05:55 PM (IST)
(खंडवा): प्रदेश कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी ने खंडवा में पहुंचकर पार्टी और संगठन को लेकर बड़ी बात बोली है। उन्होंने कहा है कि संगठन में “मैं” नहीं “हम” की राजनीति चलेगी औ अनुशासनहीनता को बिल्कुल स्थान नहीं दिया जाएगा। ऐसा करने पर कठोर कार्रवाई होगी । प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी ने समन्वय समिति की बैठक में ये बात बोली है। जिला शहर कार्यकारिणी की बैठक में हरीश ने एक सप्ताह के भीतर अनुशासन समिति का गठन करने के भी निर्देश दिए।

दरअसल मप्र प्रभारी व जिला कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी शुक्रवार को खंडवा दौरे पर पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने संगठन मजबूती को लेकर बड़ी बातें बोलते हुए उनका पालन करने को लेकर हिदायत दी है। हरीश चौधरी ने बिल्कुल साफ करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी में अब “मैं” की राजनीति नहीं चलेगी, बल्कि “हम” की राजनीति को आगे बढ़ाया जाएगा। हरीश ने कहा कि सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं को एक साथ समन्वय बनाकर कार्य करना होगा। हरीश चौधरी ने कहा कि स्थानीय कार्यकर्ता ही कांग्रेस प्रत्याशी को फाइनल करेंगें।
इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी के साथ ही प्रदेश सह प्रभारी उषा नायडू ने खंडवा में जिला कांग्रेस कमेटी शहर एवं ग्रामीण की समन्वय समिति की बैठक एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं से संगठन की मजबूती, कार्यकर्ताओं की भूमिका और अगली रणनीति को लेकर चर्चा औऱ मथंन किया ।
इस दौरान जिला कांग्रेस कमेटी शहर अध्यक्ष प्रतिभा रघुवंशी, जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण अध्यक्ष उत्तमपाल सिंह, विधायक एवं पूर्व मंत्री सचिन यादव, जिला प्रभारी आर के दोगने ,विभा पटेल के साथ ही कई नेताओं ने शिरकत की । कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी संगठन मजबूती को लेकर खासे गंभीर दिखाई दिए।

