उज्जैन प्रथम नागरिक का अपमान! रोड शो के दौरान BJP राष्ट्रीय अध्यक्ष के रथ से महापौर को उतारा, बढ़ी सियासी हलचल
Friday, Sep 18, 2026-12:26 PM (IST)
उज्जैन (विशाल सिंह ठाकुर): भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के रोड शो के दौरान महापौर मुकेश टटवाल को रथ से नीचे उतारे जाने का मामला सामने आया है। महापौर ने इस घटना पर आपत्ति जताते हुए इसे अपने सम्मान को ठेस पहुंचाने वाला बताया है।
दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन के उपलक्ष्य में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन उज्जैन पहुंचे थे। सदावल हेलीपैड से रामघाट तक रोड शो का आयोजन किया गया। बताया जा रहा है कि सदावल हेलीपैड पर भाजपा के जिला प्रभारी बजरंग पुरोहित और कार्यक्रम प्रभारी जयपाल सिंह चावड़ा के साथ महापौर मुकेश टटवाल भी रथ पर सवार हुए थे। महापौर के मुताबिक, रथ पर चढ़ने के कुछ देर बाद पुलिस ने उन्हें अकेले ही नीचे उतार दिया।
उनका कहना है कि इस घटना से उन्हें सार्वजनिक रूप से अपमानित महसूस हुआ। महापौर ने पार्टी के स्थानीय पदाधिकारियों को मामले की जानकारी देने के साथ ही मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से भी शिकायत करने की बात कही है। रोड शो के दौरान रथ पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, प्रभारी मंत्री गौतम टेटवाल, विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा, सांसद अनिल फिरोजिया और नगर अध्यक्ष संजय अग्रवाल नजर आए।
वहीं, नगर अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने महापौर को रथ से उतारे जाने की जानकारी होने से इनकार किया। उन्होंने कहा कि उन्हें महापौर के रथ पर चढ़ने की जानकारी थी, लेकिन नीचे उतारे जाने की जानकारी नहीं है। अब सवाल यह है कि आखिर महापौर को ही रथ से नीचे क्यों उतारा गया और इस फैसले के पीछे किसका निर्देश था?

