IPS अमित कुमार पर केंद्र ने जताया बड़ा भरोसा, मिल सकती है बड़ी जिम्मेदारी

Thursday, Mar 12, 2026-04:43 PM (IST)

रायपुर: छत्तीसगढ़ कैडर के 1998 बैच के वरिष्छ आईपीएस अधिकारी अमित कुमार को केंद्र सरकार ने अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (ADG) रैंक के लिए इम्पैनल कर लिया है। वे वर्तमान में राज्य पुलिस में ADG इंटेलिजेंस के पद पर तैनात हैं। उन्हें यह जिम्मेदारी जनवरी 2024 में सौंपी गई थी। हाल ही में जारी आदेश के अनुसार 1998 बैच के कुल 30 आईपीएस अधिकारियों को ADG या समकक्ष पदों के लिए पैनल में शामिल किया गया है, जिसमें अमित कुमार का नाम प्रमुखता से सामने आया है।

केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर मिल सकती है नई जिम्मेदारी

केंद्र सरकार के इस इम्पैनलमेंट के बाद अब अमित कुमार के लिए केंद्रीय प्रतिनियुक्ति का रास्ता खुल गया है। यदि उन्हें केंद्र में नियुक्ति मिलती है, तो वे ADG रैंक के अधिकारी के रूप में किसी केंद्रीय एजेंसी या विभाग में अहम जिम्मेदारी निभा सकते हैं। उनके प्रशासनिक अनुभव और खुफिया तंत्र में काम करने की क्षमता को देखते हुए उन्हें महत्वपूर्ण पद मिलने की संभावना जताई जा रही है।

CBI में निभा चुके हैं अहम भूमिका

इससे पहले अमित कुमार केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर सेंट्रल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (CBI) में संयुक्त निदेशक के पद पर कार्य कर चुके हैं। वहां उन्होंने एंटी-करप्शन विंग की जिम्मेदारी संभाली और कई हाई-प्रोफाइल मामलों की निगरानी की। राज्य स्तर पर भी उन्होंने राजनांदगांव और रायपुर जैसे महत्वपूर्ण जिलों में पुलिस अधीक्षक (SP) के रूप में अपनी सेवाएं दी हैं।

राष्ट्रपति पुलिस पदक से हो चुके हैं सम्मानित

अपने ईमानदार कार्यशैली और उत्कृष्ट सेवा के लिए अमित कुमार को जनवरी 2025 में राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित किया गया था। यह सम्मान पुलिस सेवा में असाधारण योगदान के लिए दिया जाता है। राज्य पुलिस में अमित कुमार को एक भरोसेमंद, कुशल और प्रभावशाली अधिकारी के रूप में जाना जाता है, जिन्होंने अपने लंबे करियर में कई अहम जिम्मेदारियों को सफलतापूर्वक निभाया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

meena

Related News