‘चुनरी वाले भैया’ को BJP पिछड़ा मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष बनाने पर जिले में भारी जश्न, सेन बोले- हिंदुत्व विचारधारा पर आंच नहीं आने दूंगा
Sunday, Mar 22, 2026-04:09 PM (IST)
रायसेन (शिवलाल यादव): भारतीय जनता पार्टी के संगठनात्मक विस्तार के तहत जिले के वरिष्ठ नेता एवं समाजसेवी नपाध्यक्ष प्रतिनिधि जमना सेन को भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा का प्रदेश उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इस नियुक्ति के बाद रायसेन सहित पूरे प्रदेश में पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच खुशी की लहर दौड़ गई।
जमना सेन की नियुक्ति भाजपा मध्यप्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की सहमति एवं भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष पवन पाटीदार की अनुशंसा पर की गई है। इसके साथ ही पूर्व कैबिनेट मंत्री रामपाल सिंह राजपूत, राज्य मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल, पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं विधायक डॉ प्रभुराम चौधरी, भोपाल संभाग प्रभारी डॉ तेज बहादुर सिंह, रायसेन जिला प्रभारी राजो मालवीय एवं भाजपा जिला अध्यक्ष राकेश शर्मा की अनुशंसा भी शामिल रही।
“चुनरी वाले भैया” के नाम से प्रसिद्ध हैं सेन
स्थानीय स्तर पर “चुनरी वाले भैया” के नाम से प्रसिद्ध जमना सेन लंबे समय से पार्टी संगठन, समाजसेवा और धार्मिक कार्यों से जुड़े रहे हैं। वे पूर्व में नगर पालिका अध्यक्ष और विधायक प्रतिनिधि के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं। संगठन में उनकी सक्रियता, जनसंपर्क और कार्यकर्ताओं के बीच मजबूत पकड़ को देखते हुए उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।
भाजपा कार्यकर्ताओं में जश्न का माहौल
सेन की नियुक्ति की घोषणा होते ही रायसेन शहर में भाजपा कार्यकर्ताओं ने उत्साह के साथ जश्न मनाया। जगह-जगह मिठाई बांटी गई और प्रदेश नेतृत्व के प्रति आभार जताया गया। कार्यकर्ताओं ने श्री सेन को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। देर रात रायसेन पहुंचने पर उनके निवास पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एकत्रित हुए। इस दौरान जमकर आतिशबाजी की गई और फूल-मालाओं से उनका भव्य स्वागत किया गया।
समर्थकों ने मिठाइयां बांटकर अपनी खुशी का इजहार किया।इस मौके पर भाजपा के कई वरिष्ठ नेता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे। सभी ने विश्वास जताया कि जमना सेन के नेतृत्व में संगठन को नई मजबूती मिलेगी और पार्टी का जनाधार और विस्तारित होगा।
कसौटी पर खरा उतरूंगा-जमना सेन
नवनियुक्त बीजेपी पिछड़ा वर्ग मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष जमना सेन ने बताया कि वो पार्टी की सेवा राष्ट्रभक्ति, विचारधारा को आगे बढ़ाएंगे। हिंदुत्व की विचारधारा पर चलकर पार्टी कार्यकर्ताओं के मनोबल पर कभी आंच नहीं आने देंगे।

