Punjab Kesari MP ads

राज्य में इस पार्टी ने घोषित की अपनी नई टीम, प्रदेश कार्यकारिणी के साथ जिला अध्यक्षों के नाम जारी, देखें पूरी लिस्ट

Wednesday, Oct 21, 2026-05:56 PM (IST)

रायपुर। छत्तीसगढ़ में जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) ने अपने युवा संगठन के विस्तार की दिशा में कदम बढ़ाते हुए प्रदेश और जिला स्तर पर नई नियुक्तियों का ऐलान किया है। संगठन को अधिक सक्रिय बनाने और युवाओं की भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से प्रदेश कार्यकारिणी के पदाधिकारियों के साथ विभिन्न जिलों में नए जिला अध्यक्षों की जिम्मेदारी भी तय की गई है।

युवा संगठन के प्रदेश अध्यक्ष ईश्वर उपाध्याय की ओर से जारी नियुक्ति आदेश में प्रदेश स्तर के पदाधिकारियों और जिला अध्यक्षों के नाम घोषित किए गए हैं। इन नियुक्तियों के जरिए पार्टी ने संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने पर जोर दिया है।

प्रदेश कार्यकारिणी में किसे मिली कौन-सी जिम्मेदारी?

नई सूची के मुताबिक, नवीन अग्रवाल को प्रदेश संयोजक एवं प्रभारी बनाया गया है। नावेद कुरैशी को प्रदेश संयोजक सोशल मीडिया की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, शमशुल आलम को प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष, अनिरुद्ध वर्मा को प्रदेश महासचिव और अंकु पांडे को प्रदेश सचिव नियुक्त किया गया है। प्रदेश स्तर पर इन पदों पर नियुक्तियों के साथ युवा संगठन के कामकाज और गतिविधियों को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी संबंधित पदाधिकारियों को दी गई है।

PunjabKesari

इन जिलों में भी घोषित हुए नए जिला अध्यक्ष

संगठन की ओर से कई जिलों में अध्यक्षों की नियुक्ति की गई है। घोषित नामों में रायपुर शहर से मंशु निहाल और रायपुर ग्रामीण से चेतन आडिल को जिम्मेदारी मिली है। जांजगीर-चांपा में योगेश केवट तथा बलौदाबाजार में अमित साहू को जिला अध्यक्ष बनाया गया है।

इसी क्रम में धमतरी शहर की कमान योगेन्द्र देवांगन और धमतरी ग्रामीण की जिम्मेदारी तारकेश्वर लक्ष्मण सिंह को सौंपी गई है। बालोद जिले में मिलाप बघेल, दुर्ग में मुकेश यादव और कबीरधाम में राकेश भट्ट को जिला अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। राजनांदगांव शहर से विशाल सोलिन खान और राजनांदगांव ग्रामीण से नमन पटेल को संगठन की जिम्मेदारी दी गई है।

युवा संगठन के विस्तार पर पार्टी का जोर

प्रदेश कार्यकारिणी और जिला स्तर पर की गई ये नियुक्तियां JCCJ के युवा संगठन के सांगठनिक विस्तार का हिस्सा हैं। नई टीम के सामने अब अपने-अपने क्षेत्रों में संगठन की गतिविधियों को आगे बढ़ाने और युवाओं को पार्टी से जोड़ने की जिम्मेदारी होगी। फिलहाल जारी सूची में प्रदेश पदाधिकारियों और विभिन्न जिलों के अध्यक्षों के नामों की घोषणा की गई है। नई नियुक्तियों के बाद युवा संगठन की आगामी गतिविधियों पर नजर रहेगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Himansh sharma

Related News