Punjab Kesari MP ads

ड्रग्स कनेक्शन केस में हुई जीतू पटवारी के भाई की गिरफ्तारी, पकड़े गए युवकों ने कबूला- ब्राउन शुगर की सप्लाई नाना पटवारी को देनी थी

Thursday, Jul 09, 2026-07:04 PM (IST)

इंदौर (सचिन बहरानी): प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी के भाई कुलभूषण उर्फ नाना पटवारी की गिरफ्तारी की पुष्टि हो गई है।  मध्य प्रदेश के इंदौर में पुलिस ने एक बड़े ड्रग्स नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी के भाई कुलभूषण उर्फ नाना पटवारी को गिरफ्तार कर लिया है। इस हाई-प्रोफाइल गिरफ्तारी के बाद प्रदेश की सियासत में हड़कंप मच गया है। मामले को लेकर इंदौर के डीसीपी नरेंद्र सिंह रावत ने आधिकारिक बयान जारी कर पूरी कार्रवाई का ब्यौरा साझा किया है। दूसरी तरफ, पटवारी पक्ष के एडवोकेट जय हार्डिया ने भी नाना पटवारी की गिरफ्तारी किए जाने की आधिकारिक पुष्टि कर दी है। 

इस मामले में डीसीपी नरेंद्र सिंह रावत ने बताया कि यह पूरा मामला इंदौर के राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र से जुड़ा हुआ है। पुलिस को मुखबिर से मिली पुख्ता सूचना के आधार पर राजेंद्र नगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो संदिग्ध युवकों को घेराबंदी कर दबोचा। पकड़े गए आरोपियों की पहचान इरफान खान उर्फ बोलू चंदेरी और रानी भाई के रूप में हुई है।

पुलिस द्वारा ली गई तलाशी के दौरान इन दोनों आरोपियों के पास से 10.8 ग्राम अवैध मादक पदार्थ ब्राउन शुगर बरामद किया गया। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर जब प्रारंभिक पूछताछ शुरू की, तो उन्होंने एक चौंकाने वाला खुलासा किया। आरोपियों ने कुबूल किया कि वे जब्त की गई ब्राउन शुगर की यह खेप दो प्रमुख लोगों को सप्लाई करने जा रहे थे, जिनमें से एक नाम नाना पटवारी और दूसरा नाम मानव गंगवानी का है।

डीसीपी रावत ने आगे जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, नाना पटवारी का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है और उनके खिलाफ पहले से ही विभिन्न थानों में 9 आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी और एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। 

इस पूरे घटनाक्रम के बाद नाना पटवारी के वकील जय हार्डिया ने मीडिया के समक्ष इस बात की पुष्टि की है कि पुलिस ने ड्रग्स नेटवर्क मामले में पूछताछ के बाद नाना पटवारी को गिरफ्तार कर लिया है, हालांकि इस मामले में उन्हें यह भी कहा कि पुलिस ने किन धाराओं में मामला दर्ज किया है इस बात की जानकारी उन्हें नहीं दी गई है और ना ही मेरे पक्षकार से मेरी मुलाकात करवाई गई है, पूरा घटनाक्रम नाना से मुलाकात के बाद ही स्पष्ट होगा।

इस बड़ी और हाईप्रोफाइल कार्रवाई के बाद जहां पुलिस ड्रग्स नेटवर्क से जुड़े अन्य कड़ियों को खंगालने में जुट गई है, वहीं कांग्रेस और विपक्ष द्वारा इसे राजनीतिक द्वेष भावना से की गई कार्रवाई बताया जा रहा है। पुलिस मामले में आगे की कड़ियों को जोड़कर जांच को आगे बढ़ा रही है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Desh Raj

Related News