Punjab Kesari MP ads

जीतू पटवारी के पास जाने से क्यों रुक गए कैलाश विजयवर्गीय? बोले- मैं गया तो कहीं उनका अध्यक्ष पद न चला जाए

Friday, Jul 10, 2026-05:05 PM (IST)

इंदौर। (सचिन बहरानी): कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के भाई से जुड़े कथित ड्रग्स प्रकरण को लेकर प्रदेश सरकार के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने इंदौर में मीडिया से बातचीत के दौरान सीधे टिप्पणी करने से बचते हुए राजनीतिक अंदाज में तंज जरूर कस दिया। उन्होंने कहा कि फिलहाल उनका पूरा ध्यान 'पेड़ लगाओ, पानी बचाओ' अभियान पर है और वे इसी जनअभियान को आगे बढ़ाने में व्यस्त हैं।

विजयवर्गीय ने कहा कि वे जीतू पटवारी को इस अभियान में शामिल होने के लिए व्यक्तिगत रूप से निमंत्रण देने जाने का विचार बना रहे थे, लेकिन बाद में उन्होंने अपना इरादा बदल दिया। उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा कि पिछली बार जब वे कांग्रेस कार्यालय निमंत्रण देने पहुंचे थे, उसके बाद सुरजीत चड्ढा का पद चला गया था। इसलिए इस बार वे नहीं चाहते कि उनके जाने के बाद जीतू पटवारी का भी प्रदेश अध्यक्ष का पद खतरे में पड़ जाए।

मंत्री ने आगे कहा कि अब वे जीतू पटवारी को एक पत्र लिखेंगे और उनसे आग्रह करेंगे कि 'पेड़ लगाओ, पानी बचाओ' अभियान के तहत कांग्रेस के सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं को अधिक से अधिक पौधे लगाने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण किसी एक दल का नहीं, बल्कि पूरे समाज का विषय है और इस अभियान में सभी राजनीतिक दलों की भागीदारी जरूरी है।

कैलाश विजयवर्गीय के इस बयान को इंदौर की सियासत में जीतू पटवारी पर एक बड़े राजनीतिक तंज के रूप में देखा जा रहा है। ड्रग्स प्रकरण को लेकर पहले से जारी राजनीतिक बयानबाजी के बीच उनका यह बयान अब नई चर्चाओं का विषय बन गया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Himansh sharma

Related News