Big breaking: MP में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के भाई को पुलिस ने किया गिरफ्तार
Thursday, Jul 09, 2026-08:17 PM (IST)
इंदौर। मध्य प्रदेश की राजनीति में गुरुवार को उस समय हलचल मच गई जब कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के भाई नाना पटवारी को पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने की जानकारी सामने आई। खबर मिलते ही इंदौर स्थित जीतू पटवारी के निवास पर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं का जमावड़ा लग गया। शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने भी नाना पटवारी को हिरासत में लिए जाने की पुष्टि की है।
जानकारी के अनुसार, नाना पटवारी का नाम पहले से चल रही एक जांच में सामने आया था। पुलिस को मिले साक्ष्यों के आधार पर उन्हें पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। हालांकि, पुलिस ने अब तक हिरासत की वजह और आगे की कार्रवाई को लेकर कोई विस्तृत आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।
उधर, जीतू पटवारी के घर पहुंचे कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं की लगातार आवाजाही जारी रही। इसी दौरान सामने आए कुछ वीडियो और तस्वीरों में कई नेता आपस में हंसी-मजाक और सामान्य बातचीत करते नजर आए। इन तस्वीरों और वीडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद राजनीतिक गलियारों में नई चर्चाएं शुरू हो गईं। कई लोग सवाल उठा रहे हैं कि ऐसे संवेदनशील समय में नेताओं का यह व्यवहार क्या संदेश देता है।
फिलहाल कांग्रेस पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है, जबकि पुलिस की अगली कार्रवाई और आधिकारिक जानकारी का इंतजार किया जा रहा है। यह मामला अब प्रदेश की राजनीति में चर्चा का बड़ा विषय बन गया है।

