Punjab Kesari MP ads

7 करोड़ के गहनों से सजे खजराना गणेश, हीरे जड़ित नेत्रों से दिखा भव्य स्वरूप; उमड़ी भक्तों की आस्था

Monday, Sep 14, 2026-12:56 PM (IST)

इंदौर। गणेश उत्सव के अवसर पर इंदौर के प्रसिद्ध खजराना गणेश मंदिर में भगवान गणेश का भव्य और दिव्य श्रृंगार किया गया। ब्रह्म मुहूर्त में विधि-विधान के साथ भगवान गणेश का पंचामृत से अभिषेक किया गया। इसके बाद भगवान को सोने, चांदी और हीरों से बने बेशकीमती आभूषण धारण कराए गए। विशेष श्रृंगार में भगवान गणेश को हीरे जड़ित नेत्र भी अर्पित किए गए, जिसने श्रद्धालुओं का विशेष ध्यान आकर्षित किया।

बताया गया कि इस विशेष श्रृंगार में करीब 7 करोड़ रुपए मूल्य के आभूषणों का इस्तेमाल किया गया है। भगवान गणेश को स्वर्ण एवं रजत आभूषणों के साथ हीरे जड़ित आभूषणों से सजाया गया। भव्य स्वरूप में सजे खजराना गणेश के दर्शन के लिए गणेश उत्सव के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।

गणेश उत्सव को लेकर मंदिर परिसर में भी विशेष तैयारियां की गई हैं। भक्तों की संभावित भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुचारु दर्शन व्यवस्था के लिए मंदिर प्रबंधन एवं प्रशासन की ओर से आवश्यक इंतजाम किए गए हैं।

गणेश उत्सव के दौरान श्रद्धालुओं को भगवान गणेश के इसी विशेष श्रृंगार के दर्शन करने का अवसर मिलेगा। मंदिर में उत्सव के दौरान धार्मिक अनुष्ठानों और पूजा-अर्चना का सिलसिला भी जारी रहेगा। भगवान गणेश को सवा लाख मोदक और लड्डुओं का भोग अर्पित किए जाने की तैयारी है।

इस अवसर पर इंदौर कलेक्टर शिवम वर्मा ने भी खजराना गणेश मंदिर पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और भगवान गणेश का आशीर्वाद लिया। गणेश उत्सव को लेकर मंदिर में भक्तों के बीच खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।

खजराना गणेश मंदिर इंदौर के प्रमुख धार्मिक स्थलों में शामिल है और गणेश उत्सव के दौरान यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। इस बार भगवान गणेश का करोड़ों के आभूषणों से किया गया विशेष श्रृंगार भक्तों के लिए खास आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Himansh sharma

Related News