धार बनेगा देश का मेगा टेक्सटाइल हब, PM मित्र पार्क बदल देगा MP के 6 लाख किसानों की ज़िंदगी..

Monday, Sep 15, 2025-05:07 PM (IST)

भोपाल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने 75वें जन्मदिवस पर मध्य प्रदेश को बड़े तोहफे देने जा रहे हैं। धार जिले के भैंसोला गांव में वे देश के सात "पीएम मित्र" (प्राइम मिनिस्टर मेगा इंटीग्रेटेड टेक्सटाइल रीजन एंड अपैरल) पार्कों में से एक का शिलान्यास करेंगे। इसके साथ ही महिलाओं और बच्चों की भलाई के लिए "स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार" अभियान की भी लॉन्चिंग करेंगे।

धार में बनेगा मेगा टेक्सटाइल हब

धार में प्रस्तावित यह पार्क करीब 2,158 एकड़ भूमि पर विकसित किया जाएगा। यहां "फार्म से फैशन और फैक्ट्री से एक्सपोर्ट" तक की पूरी वैल्यू चेन को एक ही जगह पर पूरा करने की सुविधा होगी। अनुमान है कि इससे सीधे तौर पर प्रदेश के करीब छह लाख कपास उत्पादक किसानों को लाभ पहुंचेगा।

पार्क को अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाओं से लैस किया जाएगा। इसमें आधुनिक सड़कें, बिजली-पानी की व्यवस्था, सोलर प्लांट, वेस्ट वाटर ट्रीटमेंट यूनिट के साथ-साथ श्रमिकों और खासतौर पर महिला कर्मचारियों के लिए आवास और सामाजिक सुविधाएं भी शामिल होंगी। इस परियोजना में अब तक लगभग ₹27,000 करोड़ से ज्यादा के निवेश प्रस्ताव सामने आ चुके हैं। इससे हजारों नए रोजगार के अवसर बनने की उम्मीद है।

मध्य प्रदेश को मिलेगा नया औद्योगिक दर्जा

मालवा अंचल कपास उत्पादन का गढ़ माना जाता है। इंदौर, धार, खरगोन, झाबुआ और खंडवा जैसे जिलों में जैविक कपास की खेती बड़े पैमाने पर होती है। देश के कुल ऑर्गेनिक कॉटन उत्पादन का लगभग 40% हिस्सा अकेले मध्य प्रदेश से आता है। यही वजह है कि धार को पीएम मित्र पार्क की स्थापना के लिए चुना गया। इस कदम से प्रदेश की पहचान कृषि राज्य से आगे बढ़कर एक उभरते औद्योगिक हब के रूप में भी बनेगी।

महिलाओं और बच्चों के लिए नई पहल

प्रधानमंत्री मोदी इस खास मौके पर "स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार" अभियान का शुभारंभ करेंगे। इसके तहत देशभर में 75 हजार स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएंगे, जिनमें महिलाओं और बच्चों की खास स्वास्थ्य आवश्यकताओं पर ध्यान दिया जाएगा।

इसके साथ ही कई योजनाएं एक साथ शुरू होंगी—

पोषण माह: आंगनवाड़ियों में स्वास्थ्य और पोषण पर केंद्रित गतिविधियां।

पीएम मातृ वंदना योजना: महिलाओं को वित्तीय लाभ सीधे खातों में ट्रांसफर।

सुमन सखी चैटबॉट: महिलाओं को स्वास्थ्य और पोषण से जुड़ी डिजिटल जानकारी।

सिकल सेल स्क्रीनिंग और 'आदि सेवा पर्व': आदिवासी अंचल में स्क्रीनिंग और जागरूकता कार्यक्रम।

‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान: मातृत्व के सम्मान में पौधारोपण का संदेश।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Himansh sharma

Related News