दमोह-सागर हाईवे पर बड़ा हादसाः चार लोगों की दर्दनाक मौत, ट्रक, बोलेरो और बाइक में भिड़ंत; उड़े परखच्चे
Saturday, Apr 11, 2026-09:50 AM (IST)
दमोह (इम्तियाज़ चिश्ती): दमोह-सागर स्टेट हाईवे पर बांसा में शुक्रवार शाम भीषण सड़क हादसा हुआ। इस दौरान ट्रक, बोलेरो और बाइक में जबरदस्त भिड़ंत हुई। घटना में दो सगे भाई सहित चार लोगों की दर्दनाक मौत हुई है। जबकि अन्य 3 लोग घायल है।
मिली जानकारी के अनुसार यह घटना बांसा तारखेड़ा गांव में स्थित गुलाब बाबा मंदिर के सामने हुई। जहां एक तेज रफ्तार ट्रक और बोलेरो की आमने-सामने टक्कर हो गई। इस भीषण टक्कर में पीछे से आ रही दो बाइकें भी चपेट में आ गई। घटना इतनी भयानक थी कि बाइक सवार चार लोगों की मौत मौके पर मौत हो गई। वहीं, बोलेरो चालक वाहन के स्टीयरिंग में बुरी तरह फंस गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
इस घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से बोलेरो चालक को वाहन से बाहर निकाला। आनन-फानन में घायलों को 108 एम्बुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई के लिए भी भेजा गया। मृतकों की पहचान बांसा तारखेड़ा निवासी जीवन अहिरवार, सूरज अहिरवार, मगरोन निवासी राजू चौधरी और धर्मेंद्र सिरवैया के रूप में हुई है।
वहीं, गंभीर घायलों की हालत को देखते हुए मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका भी जताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम सौरभ गंदर्भ, तहसीलदार पारुल चौधरी और रघुनंदन चतुर्वेदी सहित प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

